रेवाड़ी। श्रीकृष्ण भवन में वार्षिक उत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार, 15 नवंबर को यादव कल्याण सभा के प्रधान रामबीर यादव की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन की तैयारियों और विभिन्न क्षेत्रों में सम्मान के लिए प्राप्त नामांकनों की समीक्षा की गई। अब तक करीब 525 नामांकन प्राप्त हो चुके हैं।
नामांकन जमा कराने की अंतिम तिथि रविवार निर्धारित की गई है। शाम पांच बजे तक प्राप्त होने वाले सभी नामांकनों को शामिल कर सोमवार को अंतिम सूची जारी की जाएगी।
बैठक में महासचिव जसवंत सिंह यादव ने सदस्यों को वार्षिक उत्सव की तैयारियों और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। डॉ. एलएस यादव ने सभी कमेटियों से अब तक की प्रगति रिपोर्ट साझा की।
प्रो. सतीश यादव ने बताया कि प्रमाणपत्र, निमंत्रण कार्ड और बैनर तैयार करने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा विभिन्न कमेटियों ने भी अपनी अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रधान रामबीर यादव ने कहा कि सभी कमेटियां निर्धारित मानदंडों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में सम्मान के लिए नामांकन स्वीकार करें। उन्होंने कहा कि खेल क्षेत्र में नामांकन की संख्या अधिक होने पर उदारता दिखाते हुए एक से अधिक खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जा सकता है।
उन्होंने कार्यकारिणी सदस्यों से सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने का आग्रह किया, ताकि वार्षिक उत्सव को सफल बनाया जा सके।
बैठक में प्रो. आरएस यादव, कमांडेंट आरके यादव, डॉ. आरके यादव, पीएस यादव, संजय यादव, शशिभूषण, राय सिंह, जगत सिंह, डॉ. अनिल, समय सिंह, अमर सिंह, राम सिंह, गोकल राम, विजय पाल, इंद्रजीत और बिक्रम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।