नप ने हटाए अवैध होर्डिंग्स, दो पर एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नगर परिषद टीम वीरवार को नाईवाली चौक पहुंची। इस दौरान नप की टीम ने अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स को हटाए और दो अकादमी संचालकों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई।
जानकारी के अनुसार नप अधिकारी वीरवार शाम करीब चार बजे दस्ते के साथ नाईवाली चौक पहुंचे। यहां उन्होंने अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स को हटाना शुरू किया। नाईवाली चौक पर जगह-जगह होर्डिंग लगे हुए थे। इससे बाजार में भी अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार कार्रवाई के डर से अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। डेढ़ घंटे तक चली कार्रवाई में नप ने एक दुकानदार का पांच हजार का चालान भी काटा। यहां लगे दो एकेडमी संचालकों पर भी होर्डिंग लगाने पर मुकदमा दर्ज करवाया गया।
---
यह है नियम
नियमानुसार कोई दुकानदार अपनी दुकान या प्रतिष्ठान पर अपने अतिरिक्त किसी अन्य का प्रचार नहीं कर सकता। हाईकोर्ट के निर्देश पर शहर में होर्डिंग लगाने के लिए 34 जगह चिह्नित हैं। इसके अतिरिक्त कहीं भी लगाए गए होर्डिंग अवैध हैं। नगर परिषद की ओर से भी होर्डिंग के टेंडर होने वाले हैं। संभवत: शीघ्र ही इनका ठेका छोड़ दिया जाएगा।
---
नगर परिषद की टीम ने अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई की है। शहर में इस तरह से होर्डिंग नहीं लगाने दिए जाएंगे। यह कानूनी रूप से गलत है। दो एकेडमी संचालकों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
मनोज यादव, ईओ, नगर परिषद