फोटो : 14रेवाड़ी। नाहड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेत
- फोटो : ramban news
कोसली। नाहड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय में दो दिवसीय 44वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को ग्राम पंचायत नाहड़ के सरपंच महेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या डॉ. सुषमा यादव की ओर से मुख्य अतिथि को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई।
वहीं खेल प्रभारी सहायक प्रोफेसर नरेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि को कैप पहनाकर उनका आभार जताया। इसके बाद प्राचार्या ने मुख्य अतिथि का परिचय करवाया और महाविद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया। मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्राम पंचायत और उनका व्यक्तिगत सहयोग कॉलेज की प्रगति के लिए हमेशा उपलब्ध रहेगा। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।
प्रतियोगिता के पहले दिन 100 मीटर, 200 मीटर, 1600 मीटर रेस, शॉट पुट, लॉन्ग जंप सहित कई खेलों का आयोजन किया गया। मैदान में विद्यार्थियों का उत्साह देखने लायक था और हर प्रतियोगिता रोमांच से भरपूर रही। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय स्टाफ की तरफ मुख्य अतिथि को मोमेंटो भेंट किया गया।