भाजपा को दोषी ठहराने की बजाय अपना विकास कार्ड पेश करें केंद्रीय राज्यमंत्री : राव अर्जुन .
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। कांग्रेस नेता राव अर्जुन सिंह ने अपने ताऊ एवं केंद्रीय रसायन उर्वरक राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यमंत्री ने आज तक एक भी पैसा रामपुरा पंचायत में विकास कार्यों के नहीं दिया है। अब चुनाव नजदीक देखकर विकास नहीं होने के भाजपा को ही दोषी ठहराने का नाटक कर रहे हैं। चुनाव से पहले इसी तरह के हथकंडे अपनाकर जनता को गुमराह करते हैं।
राव अर्जुन बुधवार को रामपुरा हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के चार साल के कार्यकाल में जिले में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। इतना ही नहीं, उनकी मां के सरपंच होने के कारण रामपुरा पंचायत को एक भी पैसा विकास के लिए नहीं दिया गया है। गांव में सफाई, पीने के पानी व्यवस्था हमने अपने स्तर पर की हुई है। उन्होंने कहा कि पंचायत में बड़े कार्यों के लिए वे खुद केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर 28 करोड़ रुपये लेकर आए हैं जबकि स्थानीय सांसद एवं राज्यमंत्री ने कुछ सहयोग नहीं किया। आदर्श गांव होने के बाद भी गढ़ी बोलनी एवं रामपुरा में विकास कार्यों नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की तरह सांसद भी अपना चार साल का विकास कार्यों का ब्यौरा दें तथा असलियत पता चल जाएगी। मानेसर, बणीपुर में आज तक पुल नहीं बने हैं जिससे हर रोज लोगों की जान जा रही है। विकास कार्य कराने की बजाय अब बीजेपी को दोषी ठहराकर वे अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते हैं। यदि बात नहीं सुनी जाती है तो वे इस्तीफा देकर इंसाफ मंच से चुनाव लड़े। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को पटौदी में रैली होगी जिसमें राव अजीत सिंह को गुरुग्राम से कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे।
राज्यमंत्री डॉ. बनवारीलाल पर लगाया भेदभाव का आरोप
राव अर्जुन सिंह ने कहा कि बावल विस के 190 गांवों में से ज्यादातर कार्य 50 गांवों में ही हुए हैं। जाट एवं गुर्जर बाहुल्य गांवों में विकास के लिए पैसा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बावल में जितने भी कार्य हो रहे हैं उनमें ठेकेदार पहले ही तय कर दिया जाता है जिससे साफ है इसमें भ्रष्टाचार किया जा रहा है। बावल के अस्पताल में चिकित्सक नहीं हैं। रामपुरा हाउस समर्थक सरपंचों को फंड नहीं दिया जा रहा है।