24 को सचिवालय के बाहर धरना देगी परिवहन कर्मचारी संघ
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
रोडवेज ज्वाइंट एक्शन कमेटी की बैठक मंगलवार को स्थानीय बस स्टैंड पर परिवहन कर्मचारी संघ के प्रधान कैलाश गुर्जर तथा रोडवेज कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष उद्यमसिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वक्ताओं ने रोडवेज महाप्रबंधक के खिलाफ बस स्टैंड के स्क्रैप मामले में सीएम विंडो में दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने पर 24 दिसंबर से जिला सचिवालय के बाहर धरना देने का निर्णय लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए कैलाश गुर्जर ने कहा कि महाप्रबंधक की तरफ से अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अगस्त माह बस स्टैंड के लोहे के स्क्रैप सहित अन्य सामान को रोडवेज के ट्रक से अपने निजी फार्म हाउस पर पहुंचा दिया। इस प्रकार रोडवेज को नुकसान पहुंचाया गया तथा यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा इस संबंध में उस समय सीएम विंडो में भी शिकायत की गई थी। इसके बाद भी चार माह से भी अधिक का समय बीत चुका है लेकिन महाप्रबंधक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उद्यमसिंह ने कहा राजनीतिक दवाब की वजह से महाप्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि 23 दिसंबर तक महाप्रबंधक का तबादला नहीं किया गया तो 24 दिसंबर को यूनियन पदाधिकारी जिला सचिवालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। बैठक में देवेंद्र तिवाड़ी, राजेंद्र टीकला, रवि कुमार, संजय कुमार, धर्मबीर सिंह, नरेंद्र दखौरा तथा अरविंद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।