फोटो : 11पंजाबी भवन में आयोजित मेगा मेडिकल कैंप में पहुंचने पर स्वागत करते गणमान्य। स्रोत : स
रेवाड़ी। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की तरफ से पंजाबी समाज के सहयोग से पंजाबी भवन में मेगा मेडिकल कैंप लगाया गया। इस कैंप में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
पंजाबी समाज के अध्यक्ष एडवोकेट सचिन मलिक ने बताया कि बहुत कम समय में आयोजित इस कैंप में सभी स्पेशलिटी के 40 डॉक्टरों ने हिस्सा लिया और लगभग 300 मरीजों की जांच की गई तथा 200 से अधिक मरीजों के विभिन्न टेस्ट किए गए। उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में डॉक्टरों की मौजूदगी में यह रेवाड़ी का सबसे बड़ा मेडिकल कैंप रहा। उन्होंने बताया कि पंजाबी समाज ने निर्णय लिया है कि शहर में किसी भी धर्म से संबंधित कोई भी लावारिस शव मिलने पर उसके धर्म के अनुसार शव का संस्कार किया जाएगा।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि आज का दिन बहुत ही संतुष्टि देने वाला है, जब इतनी बड़ी संख्या में मरीजों की जांच की गई। आईएमए के सचिव डॉ. मनीष तनेजा ने इस कैंप को सफल बनाने में पंजाबी समाज के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कैंप आयोजित किए जाएंगे। डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि उनकी टीम इस जिले के लिंगानुपात में सुधार के लिए कड़ी मेहनत कर रही है, जो भारत में सबसे कम है।
उन्होंने इस अवसर पर प्रयास करने के लिए आईएमए और पंजाबी समाज को भी बधाई दी। शिविर में आईएमए के कोषाध्यक्ष डॉ. मनीष कुमार, डॉ. कृतिका पांडे, मुख्य संरक्षक डॉ. एनएस यादव, संरक्षक डॉ. पीसी सिंगला, डॉ. आरएस यादव, डॉ. सुभाष कुमार, डॉ. दीपक कुमार, पंजाबी समाज के सचिव नरेंद्र बत्रा, संयुक्त सचिव रवि ठकराल, बोध राज चुघ, दौलत चुघ, संजय गेरा व नरेंदर गूगनानी मौजूद रहे।