फोटो : 25ढोहकी में अवैध निर्माण पर चलता प्रशासन का बुलडोजर। स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार की तरफ से ढोहकी में लगभग 4 एकड़ भूमि पर बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त किया।
कार्रवाई के तहत अवैध कॉलोनी में बनी 4 डीपीसी, 3 प्रीकास्ट चारदीवारियां और कच्चे रोड नेटवर्क को गिरा दिया गया। यह निर्माण रेवाड़ी से पटौदी रोड पर किए जा रहे थे जिनके लिए कोई स्वीकृति नहीं ली गई थी।
रेवाड़ी-पटौदी और रेवाड़ी-झज्जर रोड पर बने अन्य अवैध निर्माणों को भी हटाया गया। पूरी कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुई। जिला नगर योजनाकार मनदीप सिंह सिहाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियंत्रित क्षेत्र या शहरी क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के कोई निर्माण कार्य न करें।
उन्होंने कहा कि प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैधता की जानकारी अवश्य लें। अवैध कॉलोनियां काटने वाले कुछ प्रॉपर्टी डीलर आमजन को झूठे सपने दिखाकर प्लॉट बेच देते हैं जो पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों और कॉलोनियों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।