हाईवे पर अवैध ढाबों पर पीला पंजा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर बुधवार को कसौला चौक के समीप बिना अनुमति बने चार ढाबों को जेसीबी से तुड़वाया गया। कार्रवाई के लिए तहसीलदार विकास कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। डीटीपी की ओर से निरीक्षण में पाया था कि यहां लोगों ने अवैध रूप से ढाबे बना लिए थे। इन्हें नोटिस भी दिए गए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार विकास कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए अवैध ढाबों को ध्वस्त कर दिया। अवैध ढाबों का निर्माण करने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज भी की जा रही है।
उधर, जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह सिहाग ने लोगों से अपील की नियंत्रित क्षेत्र, शहरी क्षेत्र व राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोई भी अवैध निर्माण न करें। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लें। उन्होंने कहा कि विभाग अवैध निर्माण पर सख्ती से कार्रवाई कर रहा है और अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनियों व अवैध होटल व ढाबे के बारे में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण करने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।