रेवाड़ी। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की टीम ने बुधवार की सुबह साढ़े 11 बजे सराफा बाजार में छापा मारा। फरीदाबाद से डिप्टी डायरेक्टर बी. रोहित के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ज्वेलरी की दुकानों और शोरूम में हॉलमार्क संबंधी नियमों की जांच की। इस दौरान एक दुकान से बिना हॉलमार्क के 294 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए गए। कार्रवाई की सूचना से बाजार में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए, जबकि कुछ दुकानदार मौके से चले गए। कार्रवाई के दौरान सिटी थाने की पुलिस भी मौजूद रही।
बीआईएस की टीम ने सर्राफा बाजार में पहुंचकर विभिन्न दुकानों पर रखे आभूषणों की जांच की। इस दौरान हॉलमार्क और निर्धारित मानकों के पालन की पड़ताल की गई। एक दुकान पर जांच के दौरान बिना हॉलमार्क के सोने-चांदी के आभूषण मिलने पर टीम ने उन्हें जब्त कर लिया।
पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और टीम की कार्रवाई देखने के लिए बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई। इससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।
बीआईएस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की जांच निर्धारित मानकों और हॉलमार्क नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए की जाती है। इसके तहत ज्वेलरी की दुकानों और शोरूम में बेचे जा रहे सोने के आभूषणों की जांच की जाती है, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्धता के निर्धारित मानकों के अनुरूप आभूषण मिल सकें।
दिवाली और गोवर्धन पर्व के बाद भैया दूज के दिन हुई इस कार्रवाई से सर्राफा बाजार में काफी देर तक हलचल बनी रही। टीम ने जब्त किए गए 294 ग्राम आभूषणों को अपने कब्जे में लिया गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।