संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के तीन गांवों के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में नए सत्र से शिक्षा विभाग की ओर से 2500 से ज्यादा बच्चों को 28 कमरों व 3 प्रयोगशालाओं की नई सौगात दी जाएगी। जिले के पांच मॉडल संस्कृति स्कूलों में सेे तीन स्कूल ततारपुर इस्तमुरार, पीथड़ावास व गुड़ियानी स्कूल शामिल हैं, जिनमें विकास के लिए विभाग की ओर से 4.28 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है।
इन विद्यालयों में न केवल सीबीएसई पैटर्न से दाखिले किए जाते हैं बल्कि पढ़ाई भी सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुसार ही कराई जाती है। अधिकारियों ने बताया कि पीथड़ावास स्कूल में आठ कमरों का 50 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसके लिए विभाग द्वारा 96 लाख के बजट की स्वीकृति मिली है। इस स्कूल में 500 से ज्यादा छात्र पढ़ते हैं, जिन्हें भवन निर्माण से गजब का फायदा होगा।
वहीं करीब 1500 छात्रों वाले ततारपुर स्कूल को जगह कम होने की वजह से दो शिफ्टों में चलाया जा रहा है। इसमें 3 करोड़ 10 लाख के बजट से 20 कमरों का निर्माण कार्य चल रहा है, जो अगले सत्र में सभी कमरे स्कूल को सुपुर्द कर दिए जाएंगे। इसके अलावा गुड़ियानी स्कूल में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान व जीव विज्ञान की प्रयोगशालाओं का निर्माण कार्य 28 लाख के बजट से होगा, जिसके लिए टेंडर पास हो चुका है। साल 2024 से पहले ही सभी प्रयोगशालाएं स्कूल को सुपुर्द कर दी जाएंगी। इससे भी 500 से ज्यादा छात्रों को फायदा होगा। ऐसे में नए सत्र में विद्यार्थियों को मॉडल संस्कृति स्कूलों में सुविधाएं मिलने की संभावना बढ़ गई हैं।
जिले में स्थित पांच मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा मान्यता मिली हुई है।
वर्जन:
जिले के तीन मॉडल संस्कृति स्कूलों में विकास के लिए 4.28 करोड़ का बजट पास किया गया है। इनमें ततारपुर इस्तमुरार, पीथड़ावास स्कूल व गुड़ियानी स्कूल शामिल हैं। अगले सत्र से इन सभी स्कूलों में निर्माण कार्य पूरा कर कमरे व प्रयोगशालाएं स्कूलों को सौंप दी जाएंगी।
-सुभाष चंद, जिला परियोजना संयोजक समग्र शिक्षा रेवाड़ी।