रेवाड़ी। राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर है। जिले से अब तक 250 विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। परीक्षा 29 नवंबर को होगी। इसमें चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12वीं तक हर माह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी का हरियाणा के सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत होना जरूरी है। इसके साथ ही विद्यार्थी ने कक्षा सातवीं भी सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय से उत्तीर्ण की होनी चाहिए।
योजना के तहत आवेदन करने वाले विद्यार्थी के माता-पिता की सभी स्रोतों से कुल वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। जिला स्तर पर विद्यार्थियों का चयन निर्धारित कोटे के अनुसार किया जाएगा।
योजना में पिछड़ा वर्ग-ए के विद्यार्थियों के लिए 16 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग-बी के लिए 11 प्रतिशत, अनुसूचित जाति के लिए 20 प्रतिशत और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 3 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। शेष सीटों पर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के साथ संबंधित प्रमाण-पत्र भी अपलोड करने होंगे। आवेदन में नाम और जन्मतिथि आधार कार्ड में दर्ज विवरण के अनुसार भरना होगा। आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाण-पत्र के आधार पर श्रेणी की जानकारी दर्ज करनी होगी।
चार साल तक हर वर्ष मिलेंगे 12 हजार रुपये
चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर माह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस तरह विद्यार्थियों को चार साल तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। छात्रवृत्ति की राशि सीधे चयनित विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। विद्यार्थियों को प्रत्येक वर्ष नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर संबंधित दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा। यह योजना शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर उनकी शिक्षा जारी रखने में मदद करना है।
वर्जन
शिक्षा निदेशालय की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इसके लिए कक्षा 8 के विद्यार्थियों को एक परीक्षा पास करनी होती है। विद्यार्थियों को इसमें भाग लेना चाहिए।-अशोक कुमार नामवाल, डीएमएस, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।