रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से 30 जुलाई और 31 जुलाई को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) परीक्षा के आयोजन की तैयारियों के मद्देनजर डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि परीक्षा के लिए जिला में 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
डीसी अभिषेक मीणा सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में एचटेट परीक्षा की तैयारियों को लेकर सेंटर सुपरिटेंडेंट की बैठक ली। जिला में स्थापित किए गए 41 परीक्षा केंद्रों पर दोनों दिनों में तीन सत्रों के दौरान कुल 24 हजार 618 परीक्षार्थी एचटेट परीक्षा देंगे। पहले दिन 30 जुलाई को पीजीटी की सायं के सत्र में परीक्षा होगी और इसके लिए कुल 7 हजार 444 परीक्षा देंगे।
इसी प्रकार 31 जुलाई को सुबह के सत्र टीजीटी की परीक्षा में 12 हजार 296 और सायं के सत्र में पीआरटी की परीक्षा में 4 हजार 878 परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा 30 जुलाई (बुधवार) को दोपहर 3 बजे से सायं साढ़े 5 बजे तक संचालित होगी। लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा 31 जुलाई (वीरवार) को सुबह 10 बजे से साढ़े 12 बजे तक संचालित होगी।
31 जुलाई (वीरवार) को दोपहर 3 बजे से साढ़े 5 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा संचालित होगी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को नकल रहित व सुव्यवस्थित संचालन करवाना सेंटर सुपरीटेेंडेंट की जिम्मेवारी है। जिस तरह सीईटी की परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाया गया है, उसी प्रकार एचटेट परीक्षा को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष परीक्षा करवाई जाए।
ओएमआर शीट पर उत्तर देने के लिए केवल काले बॉल पॉइंट पेन का प्रयोग करें
डीसी ने सभी परीक्षार्थियों से आह्वान किया है कि परीक्षार्थी समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें ताकि मेटल डिटेक्टर से तलाशी, बाॅयोमेट्रिक डेटा कैप्चरिंग और अन्य औपचारिकताएं समय से पहले पूरी हो सकें। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। ओएमआर शीट पर उत्तर देने के लिए केवल काले बॉल पॉइंट पेन का प्रयोग करें। परीक्षार्थी रंगीन प्रवेश पत्र, काला बॉल पॉइंट पेन, पंजीकरण के समय अपलोड की गई रंगीन फोटो को प्रवेश पत्र में राजपत्रित अधिकारी द्वारा सत्यापित करवाना अनिवार्य है। रंगीन प्रवेश पत्र के बिना अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इन बातों का रखना होगा ध्यान
उम्मीदवारों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार का आभूषण जैसे अंगूठी, झुमके, चेन, हार, पेंडेंट, बैज, कोई भी धातु की वस्तु, कैमरा, घड़ी, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, पेजर, ब्लूटूथ, कार फोन, पर्स, लॉग टेबल, हेल्थ बैंड, बिल्ट-इन कैलकुलेटर सहित या बिना इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, ज्यामिति, प्लास्टिक पाउच और खाली या मुद्रित कागज, लिखित चिट आदि वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। महिला उम्मीदवार मंगलसूत्र, बिंदी और सिंदूर पहन सकती हैं, सिख उम्मीदवारों को धार्मिक प्रतीक पहनने की अनुमति होगी।