रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री। संवाद
रेवाड़ी। दिल्ली-रेवाड़ी रेलखंड पर यात्रियों को अगले कुछ दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उत्तर रेलवे की ओर से दिल्ली सराय रोहिल्ला और पालम स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का काम किया जा रहा है।
इसके चलते 7 अक्तूबर को छह घंटे का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके प्रभाव से 5 से 8 अक्तूबर के बीच इस रूट से गुजरने वाली 24 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि आठ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
5 अक्तूबर को दिल्ली-जैसलमेर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। 6 अक्तूबर को गरीब रथ, जैसलमेर-दिल्ली एक्सप्रेस, तिलक ब्रिज-सिरसा और भुज-दिल्ली सराय रोहिल्ला समेत पांच ट्रेनें रद्द रहेंगी।
7 अक्तूबर को जयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला डबल डेकर, दिल्ली-अजमेर व अजमेर-दिल्ली जनशताब्दी, चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत और दिल्ली-भुज एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें दिल्ली-रेवाड़ी के बीच चलने वाली 54421, 54417, 74003 और 74002 समेत अन्य ट्रेनें भी शामिल हैं।
बांद्रा टर्मिनस-चंडीगढ़ एक्सप्रेस रद्द रहेगी 8 को
8 अक्तूबर को बांद्रा टर्मिनस-चंडीगढ़ एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसके अलावा आठ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का शेड्यूल और लाइव रनिंग स्टेटस जांचने की अपील की है। यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 और एनटीईएस ऐप के माध्यम से जानकारी ले सकते हैं।