वॉटर वेंडिंग मशीनों से मिलने लगा पानी, कर्मचारी भी नियुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर आमजन को सस्ता और शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए आईआरसीटीसी द्वारा लगाई तीन वेंडिंग मशीनों से पानी मिलना प्रारंभ हो गया है। अमर उजाला द्वारा 12 जुलाई के अंक में समाचार प्रकाशित करने के बाद हरकत में आए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने न केवल मशीनों को चालू कराया अपितु इन मशीनों पर कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इस कारण यात्रियों को पांच रुपये प्रति लीटर की दर से शीतल पेयजल मुहैया हो सके।
यात्रियों को शुद्ध व सस्ता पानी मुहैया कराने के लिए गत वर्ष स्टेशन पर तीन वाटर वेंडिंग मशीनें लगाई गई थीं। इन मशीनों को आईआरसीटीसी कंपनी के माध्यम से लगवाया गया था। मशीनें लगाने का उद्देश्य यह था कि यात्रियों को स्टेशन पर महंगा पानी नहीं खरीदना पड़े। इन मशीनों के माध्यम से पांच रुपये में एक लीटर पानी दिए जाने का प्रावधान है।
गौरतलब है कि मशीनें कुछ दिन तो चलीं, लेकिन इसके बाद ये रखरखाव के अभाव में खराब हो गई थीं। मशीन पर नियुक्त कर्मचारी को भी अन्यत्र शिफ्ट कर दिया गया था। मशीनें नहीं चलने से उन पर धूल जमने लगी थी। सूत्रों से जानकारी मिली थी कि इन मशीनों को पानी व कोल्ड ड्रिंक बेचने वालों ने खराब किया है, ताकि वे महंगे दाम पर पानी बेचकर अपना धंधा चलाते रहें। सूत्रों का यह भी कहना था कि रेलवे के संबंधित अधिकारी मशीन खराब होने की बात से पूरी तरह वाकिफ थे, लेकिन वे भी अपने स्वार्थवश इसे देखकर भी अनदेखा करते रहे। अमर उजाला ने दो दिन पूर्व के अंक में मशीन खराब होने के समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस समाचार के प्रकाशित होने के साथ ही रेलवे स्टेशन प्रशासन में हड़कंप मच गया था। मामला जयपुर डिविजन के अधिकारियों तक भी पहुंच गया था। उच्च अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया तथा स्थानीय रेलवे स्टेशन प्रशासन को तुरंत प्रभाव से मशीन ठीक कराकर उसमें पानी उपलब्ध कराने तथा वहां कर्मचारी नियुक्त करने के आदेश दिए।
--------------------
मशीनों में कुछ खराबी थी, जिसे ठीक करा दिया गया है। मशीनों पर कर्मचारी की भी नियुक्ति कर दी गई है। अब रेल यात्रियों को पानी को लेकर किसी भी तरह की समस्या नहीं आएगी। मशीनें किसने खराब की, इसकी भी जांच की जाएगी तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - राजेश भार्गव, उप अधीक्षक वाणिज्य।