शपथ पत्र जमा कराते अधिवक्ता। संवाद
रेवाड़ी। आगामी 11 सितंबर को होने वाले जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए वीरवार को 2086 अधिवक्ताओं ने अपने शपथ पत्र दायर किए। शपथ पत्र देने वाले अधिवक्ताओं का मत सूची में नाम जोड़ा जाएगा।
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव आगामी 11 सितंबर को होने निश्चित है। इस चुनाव में पांच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसमें प्रधान, उप प्रधान, सचिव, सह सचिव व कोषाध्यक्ष का चुनाव ईवीएम से करााय जाएगा।
शपथ पत्र लेने के बाद मतदाता सूची जिला बार एसोसिएशन की ओर से बार काउंसिल पंजाब एवं हरियाणा को भेजी जाएगी जहां से अधिकृत मतदाता सूची होने पर ही मतदान कराए जाएंगे। 31 जुलाई तक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे जो आगामी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेंगे।
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर प्रचार अभियान भी जोरों पर है। अभी तक जिला बार एसोसिएशन के प्रधान के लिए वर्तमान प्रधान विश्वामित्र यादव व पूर्व प्रधान सौरभ यादव मैदान में आमने-सामने डटे हैं।
इसके विपरीत सचिव पद के लिए प्रचार करते हुए प्रत्याशियों ने अपने बड़े होल्डिंग्स लगा दिए हैं। प्रत्याशी अभी से ही मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रयासरत है।
प्रत्याशी घर-घर जाकर अधिवक्ताओं से संपर्क साध अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। इस वर्ष चुनाव करीब 6 माह की देरी से कराए जा रहे हैं।