गर्मियों में नहीं होगा लाइनों में फाल्ट, जिले के 188 प्वाइंट पर लगेंगे जीओ स्विच
रेवाड़ी। जिले में इस बार गर्मियों के मौसम में लाइनों में फाल्ट की समस्या नहीं रहेगी। लाइनों में फाल्ट की समस्या को दूर करने के लिए सभी 188 प्वाइंटों पर जीओ स्विच लगाए जाएंगे। वहीं इंसुलेटेड तार भी लगाई जाएगी। इससे बिजली चोरी की समस्या से निजात मिलेगी। वहीं उपभोक्ताओं को भी पूरी बिजली मिल सकेगी।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण अप्रैल से जिले में 24 घंटे बिजली देने की तैयारी है। इसी के मद्देनजर जिले में सभी प्वाइंटों पर जीओ स्विच लगाने का काम किया जाएगा। अभी सिर्फ जीओ स्विच शहर में ही है। गांवों में इनकी सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक बार फाल्ट आने पर कई घंटों तक बिजली गुल रहती है। इसलिए तारों की क्रॉसिंग में फाल्ट रोकने के लिए भी आर्मड केबल लगाई जाएगी।
21 जनवरी को केएलपी कॉलेज में बिजली निगम के सीएमडी शत्रुजीत कपूर ने बिजली निगम के सभी 900 कर्मचारियों को लाइनलोस कम करने को कहा था। उन्होंने केवाईसी में मोबाइल नंबर दर्ज कराकर, व्हाट्सअप ग्रुप बनाकर सहित कई तरीके बताए थे।
अभी 17 फीसदी पर खड़ा है रेवाड़ी
रेवाड़ी जिले में अभी 17 प्रतिशत लाइन लोस है। 24 घंटे बिजली देने के लिए 15 प्रतिशत लाइन लोस होना जरूरी है। गत वर्ष यह लाइनलोस 29 फीसदी था। जिसे घटाकर पहले 19 प्रतिशत और अब 17 प्रतिशत तक पहुंचा दिया गया है। निगम का मानना है कि अगर पूरे जिले में लाइनलोस कम नहीं हो सका तो जिन फीडरों पर 15 प्रतिशत से कम है वहां 24 घंटे बिजली अप्रैल माह से दी जाएगी।
6000 रुपये का है एक स्विच
एक जीओ स्विच की कीमत करीब छह हजार रुपये है। इस स्विच की खासियत यह है कि लाइन में फाल्ट होने पर पूरी लाइन की बिजली रोकने की जरूरत नहीं है। बल्कि प्वाइंट पर लगे जीओ स्विच की लाइट बंद कर दी जाएगी। जिससे फाल्ट ठीक कर इसे चालू कर दिया जाएगा। इससे समय भी कम लगेगा। इसके अतिरिक्त जिले में 13 नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे।
जिले में उपभोक्ताओं को बिना कट के बिजली मिले। इसके लिए तैयारी कर ली गई है। सभी 188 प्वाइंटों पर जीओ स्विच लगाए जा रहे हैं। इनका काम शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। उम्मीद है कि अप्रैल माह में हम जिले में अधिकांश क्षेत्र को 24 घंटे बिजली दे सकेंगे।
-राजकुमार जाजौरिया, अधीक्षण अभियंता, सर्कल रेवाड़ी