इनेलो ने छलनी की छाती और भाजपा ने किसानों को ठगा : दीपेंद्र हुड्डा
जाटूसाना, रेवाड़ी। रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इनेलो और भाजपा दोनों ही एक जैसी पार्टी हैं। इनेलो ने किसानों की छाती को गोलियों से छलनी करने का काम किया। वहीं भाजपा ने किसानों से बड़े-बड़े वादे कर ठगा है। उन्होंने कहा कि अब हरियाणा में किसान को भाव नहीं, मजदूर को मजदूरी नहीं, व्यापारी पर टैक्स की मार, अस्पताल में दवाई नहीं, स्कूल में पढ़ाई नहीं, बेरोजगारों को रोजगार नहीं, सरकारी कर्मचारियों की सुनवाई नहीं, खेतों में पानी नहीं, गांव में बिजली नहीं और पंचायतों को पैसा नहीं मिल रहा है। रविवार को बेरली खुर्द में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद हुड्डा ने कहा कि गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार अपराध में हरियाणा प्रदेश नंबर वन पर है। महिलाओं पर अत्याचार, गैंगरेप, हत्या और फिरौती जैसे अपराध रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। प्रदेश के गठन के बाद 1966 से 2014 तक हरियाणा पर कुल कर्जा करीब 70 हजार करोड़ था, जबकि भाजपा के पिछले साढ़े 3 वर्षों के कुशासन में यह कर्जा बढ़कर एक लाख 61 हजार करोड़ के पार हो चुका है। सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस नेता दीवान सिंह चौहान ने की।
गलतियों को स्वीकार करना सीखें
वहीं पूर्व मंत्री और इनेलो नेता जगदीश यादव ने सांसद हुड्डा पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर हुड्डा सरकार के सभी काम अच्छे थे तो उनकी सरकार क्यों गई। सरकार तभी जाति है जब कमी होती है। सांसद हुड्डा को अपनी सरकार की गलतियां स्वीकार करनी चाहिए। अपनी गलतियों को ठीक करने का प्रयास करना चाहिए।
गिनाई कांग्रेस शासन की खूबियां
सांसद हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2004 से 2014 में सभी वर्गों के लिए काम किया। चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री बनते ही अपनी पहली कलम से किसानों के 1600 करोड़ रुपये के बिजली के बिल माफ कर दिए थे। ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा सहित कई फैसले लिए गए जिससे प्रदेश का किसान खुशहाल था। मंडियों में अच्छे भाव पर उसकी फसल हाथों-हाथ खरीदी जाती थी। कांग्रेस शासन में 43300 करोड़ रुपये की लागत से 8000 मेगावाट क्षमता के 5 नए पावर प्लांट (4 थर्मल और 1 परमाणु उर्जा संयंत्र) लगाकर हरियाणा को बिजली आपूर्ति के मामले में और मजबूत किया। वहीं भाजपा ने एक मेगावाट भी बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया। हमने अपने कार्यकाल में 27 हजार 886 करोड़ रुपये की लागत से कुल 1893 किमी. राष्ट्रीय राजमार्ग मंजूर करवाए। इनका निर्माण कार्य भी चालू कराया था। जिससे हरियाणा के विकास को गति मिली। वहीं भाजपा ने अभी तक के कार्यकाल में 350 करोड़ परुये की लागत से 38 किमी लंबा केवल एक राष्ट्रीय राजमार्ग ही मंजूर करवाया है। हमने हरियाणा के चार शहरों को मेट्रो सेवा से जोड़ने का काम किया, जिसकी वजह से लाखों लोगों को दिल्ली आने जाने में सुविधा हो गई। इसके साथ-साथ हमने अपने कार्यकाल में ही दो अन्य शहरों (मानेसर और कुंडली) को मेट्रो से जोड़ने की योजना भी बना दी थी। ाजपा ने मेट्रो का एक नया खंभा भी मंजूर कराने का काम किया है। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के लगभग चार साल के कार्यकाल में हरियाणा में हालात बद से बदतर हो चुके हैं। प्रदेश में विकास शून्य पर है, कानून व्यवस्था तार तार हो चुकी है, समाज के हर वर्ग में हाहाकार मचा है।