पिता पर बदले की भावना से दर्ज की एफआईआर : दीपेंद्र हुड्डा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी, खोल। रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से मानेसर जमीन घोटाले में बदले की भावना से चार्जशीट दाखिल की गई है। मगर उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
शनिवार को रेवाड़ी के गांव सहारनवास में पहुंचे दीपेंद्र हुड्डा यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 13 वर्षों बाद बोफोर्स केस को सुप्रीम कोर्ट में ले जाने पर पर उन्होंनेे कहा कि केंद्र सरकार व प्रदेश की सरकार राजस्थान में भाजपा को मिली हार से बौखला गई है। आज सरकार पूरे देश में राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है, जो ठीक नहीं है। यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब 10 महीने की मेहमान है। इसके बाद प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार होगी। प्रदेश की जनता बीजेपी के शासन से बड़ी निराश हो चुकी है। बीजेपी झूठे चुनावी वायदे करके सत्ता में काबिज हुई। आज मोदी लहर से बड़ी लहर कांग्रेस पार्टी की बन चुकी है।
---
कॉमेडी वाले बयान देते हैं धनखड़ और विज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ पर निशाना साधते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि दोनों ही नेता काम कम करते हैं और कॉमेडी वाले बयान अधिक देते हैं। अब जनता इनसे हिसाब मांग रही है। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री चौ. जसवंत सिंह, पूर्व सीपीएस राव दानसिंह, महाबीर मसानी, अक्षत राव, रामोतार गुर्जर, सुधीर डहीना, मंजीत पंच, सेठ सत्यनारायण, विशाल यादव आदि थे।
---
विरोधी को भी दे गए पैगाम
पूर्व मंत्री और पार्टी में अपने विरोधी कैप्टन अजय सिंह यादव के गांव सहारनवास में चाय पार्टी के बहाने पहुंचकर दीपेंद्र हुड्डा ने उन्हें भी नया पैगाम दिया। अहीरवाल में जगह-जगह चाय पार्टियों के सिलसिले के बीच दीपेंद्र हुड्डा ने सहारनवास गांव में कांग्रेस कार्यकर्ता इंद्रजीत यादव के यहां भी चाय की चुस्कियां ली। वहीं दीपेंद्र हुड्डा के अपने गांव पहुंचने पर कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि दीपेंद्र कांग्रेस को मजबूत करने आए थे। मैं वहां नहीं था। नहीं तो उनका स्वागत करता।