गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर डीसी ने दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह इस बार भी शहर के राव तुलाराम स्टेडियम में मनाया जाएगा। सोमवार को उपायुक्त पंकज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गणतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह से पूर्व सभी कार्यक्रमों की रिहर्सल और फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा निकाली जाने वाली झांकियां आकर्षण का केंद्र बिंदु रहेंगी।
गणतंत्र दिवस समारोह के ओवर ऑल इंचार्ज अतिरिक्त उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार होंगे। उपायुक्त ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिये कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर कोई भी अधिकारी अनुपस्थित न रहें, जिन कर्मचारियों को समारोह में सम्मानित किया जाना है। उनके नामों के साथ- साथ उनकी कार्य प्रणाली के बारे में भी अवगत कराएं। समारोह में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त पंकज ने बैठक के बाद राव तुलाराम स्टेडियम का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर नगराधीश डॉ. विरेंद्र ने समारोह की आवश्यक तैयारियों विशेषकर मंच की सजावट, गणमान्य व्यक्तियों, प्रतिभागियों, विद्यार्थियों व आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल प्रबंध, साफ-सफाई, साज-सज्जा, स्वागत प्रबंध, परेड, झांकियां व अन्य तैयारियों के बारे में संबंधित अधिकारियों से विचार विर्मश किया। इस अवसर पर एसडीएम कुशल कटारिया, सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार, डीडीपीओ एसी कौशिक, डीईओ धर्मबीर बल्डोदिया, ईओ एमसी मनोज कुमार, कार्यकारी अभियंता लोक हेमंत कुमार, महाप्रबंधक लाजपत राय, सचिव रेडक्रास वाजिद अली सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।