रेवाड़ी। जिले में निर्धारित समय से पहले बाजरे की सरकारी खरीद बंद करने से किसान परेशान हैं। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के जिला प्रतिनिधिमंडल ने राजकुमार की अध्यक्षता में एडीसी राहुल मोदी को ज्ञापन सौंपकर बाजरे की खरीद दोबारा शुरू कराने और किसानों की लंबित भुगतान राशि जारी करने की मांग की।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन में फसल बीमा योजना की राशि किसानों के खातों में नहीं पहुंची तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार ने बाजरे की खरीद 15 नवंबर तक करने का निर्णय लिया था, लेकिन 7 नवंबर को ही खरीद बंद कर दी गई। इससे जिले के करीब 20 प्रतिशत किसान बाजरा बेचने से वंचित रह गए हैं।
इनमें ऐसे किसान भी शामिल हैं, जिन्होंने फसल बेचने के लिए निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण करवाया हुआ है। यूनियन ने खरीद दोबारा शुरू कर सभी पंजीकृत किसानों की फसल खरीदे जाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने फसल बीमा योजना, क्षतिपूर्ति और वर्ष 2023 के भावांतर योजना का बकाया भुगतान भी जल्द जारी करने की मांग उठाई। यूनियन ने कहा कि किसानों को लंबे समय से उनकी राशि का इंतजार है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी हो रही है।
इसके अलावा संगीत रागी की ओर से अहीर समाज के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी का मुद्दा भी उठाया गया। यूनियन ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एडीसी राहुल मोदी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि बाजरे की खरीद दोबारा शुरू कराने के लिए कमेटी गठित की जाएगी। फसल बीमा योजना के भुगतान को लेकर संबंधित अधिकारियों और किसान यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक करवाई जाएगी।
वहीं, अहीर समाज के संबंध में की गई टिप्पणी के मामले को प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। इस मौके पर सतवीर सिंह लोहाणा, कृष्ण सैनी, करतार सिंह सहित अन्य किसान नेता मौजूद रहे।