रेवाड़ी। जिले में पिछले डेढ़ साल के दौरान पांच साल तक के 198 बच्चे निमोनिया की चपेट में आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक एक साल में 136 बच्चों में निमोनिया की पुष्टि हुई, जबकि अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक छह माह में 62 नए मामले सामने आए।
राहत की बात यह है कि इस अवधि में निमोनिया से किसी भी बच्चे की मौत नहीं हुई। बच्चों को इस बीमारी से बचाने और समय पर पहचान व उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 नवंबर से सांस अभियान शुरू किया जा रहा है।
यह अभियान 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। विश्व निमोनिया दिवस के अवसर पर अभियान की शुरुआत नागरिक अस्पताल रेवाड़ी से की जाएगी। यहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र महलावत अभिभावकों को बच्चों में निमोनिया के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के बारे में जानकारी देंगे।
अभियान के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. भंवर सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पांच साल तक के बच्चों में निमोनिया के मामलों और इससे होने वाली मृत्यु को कम करना है। इसके लिए आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करेंगी। उन्हें बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार के महत्व के बारे में बताया जाएगा।
डॉ. भंवर सिंह ने बताया कि बच्चे को तेज सांस चलना, सांस लेते समय छाती का धंसना, खांसी, बुखार और दूध या भोजन पीने में परेशानी होना निमोनिया के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बच्चे को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या पंजीकृत चिकित्सक के पास ले जाना चाहिए।
टीकाकरण और पोषण पर भी रहेगा जोर
अभियान के दौरान बच्चों के नियमित टीकाकरण, विशेषकर न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन (पीसीवी) के महत्व के बारे में बताया जाएगा। इसके अलावा छह माह तक केवल स्तनपान, उम्र के अनुसार पौष्टिक आहार और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। घरों में उचित वेंटिलेशन रखने और बच्चों को धुएं व वायु प्रदूषण से दूर रखने की सलाह भी दी जाएगी।
झोलाछाप डॉक्टरों से बचने की सलाह
डॉ. भंवर सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर झोलाछाप डॉक्टरों से उपचार न करवाएं। बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं देना नुकसानदायक हो सकता है। बच्चों को पंजीकृत चिकित्सक या सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से ही उपचार दिलाएं।