बाईपास के लिए गलत तरीके से जमीन अधिग्रहण करने का लगाया आरोप
रेवाड़ी। गांव धामलावास निवासी कृष्ण कुमार ने शहर के प्रस्तावित आउटर बाईपास के लिए उसकी जमीन का गलत ढंग से अधिग्रहण किए जाने का आरोप लगाया है। सीएम विंडो में दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि एक राजनेता की जमीन बचाने के लिए यह सब किया गया है। अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
कृष्ण ने शिकायत में बताया कि उसकी जमीन का मास्टर प्लान 2021 के तय नियमों से बाहर जाकर अधिग्रहण किया जा रहा है। इसके लिए उसने हाइवे प्राधिकरण के अधिकारियों के समक्ष आपत्ति भी जताई थी। उन्होंने बताया कि उसकी जमीन गांव हुसैनपुर में आती है तथा बाईपास निकालने के लिए जो अधिसूचना जारी की गई है उसमें एक राजनेता की जमीन को बचाने के लिए बेहद घुमावदार मोड़ दे दिया गया है। जिसकी वजह से उसकी जमीन अधिग्रहण श्रेणी में आ गई है। इस बाईपास को मास्टर प्लान 2021 के तहत नहीं निकाला जा रहा है। वहीं यदि कोई नागरिक मास्टर प्लान से बाहर जाकर जमीन पर कोई निर्माण करता है तो डीटीपी की तरफ से उसे तोड़ दिया जाता है। उसकी जमीन को जबरदस्ती लिया जा रहा है तथा आपत्ति के बाद भी कोई समाधान नहीं किया गया है। शिकायतकर्ता ने अब सीएम विंडो में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग उठाई है।