प्रदूषण जांच के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपी दो दिन के रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। रेवाड़ी और धारूहेड़ा सीआईए द्वारा रविवार को प्रदूषण जांच के नाम पर फर्जीवाड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार पांच पाल्यूशन केंद्र संचालकों को सोमवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस को दो दिन के रिमांड पर सौंपने के आदेश दिए। पूछताछ के दौरान पुलिस इनसे अन्य राज उगलवाने का प्रयास करेगी।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सीआईए रेवाड़ी और धारूहेड़ा टीम की संयुक्त कार्रवाई में पॉल्यूशन जांच के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। ये लोग वाहन चालकों से बिना जांच किए ही फर्जी प्रदूषण जांच का प्रमाण पत्र देते थे। सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने अलग -अलग स्थानों पर छापा मारकर कार्रवाई की थी। पुलिस की इस कार्रवाई से प्रदूषण जांच केंद्र चलाने वाले अन्य संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार को गिरफ्तार पांचों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जिन्हें दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से मिले पॉल्यूशन सर्टिफिकेट व उन पर किए गए हस्ताक्षर, धोखाधड़ी के खेल मे पंप संचालक की संलिप्तता, पंप पर पॉल्यूशन बूथ खोलने के किराये से लेकर सर्टिफिकेट कहां से और किसकी अनुमति से छपवाने के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।
---
वर्जन
आम लोगो के साथ इस तरह धोखाधड़ी करने वाले गिरोह पर पुलिस विभाग द्वारा बडी कार्रवाई गई है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान फर्जीवाडे़ के इस खेल में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।
राजेश दुग्गल, पुलिस अधीक्षक।