ऑपरेशन श्रीमान की ग्राउंड रिपोर्ट
छह थाना-चौकियों में कहा- हैलो श्रीमान तो शेष में बोले- हां बोल, के काम है
-आमजन के बीच पुलिस की छवि और व्यवहार बेहतर बनाने के लिए प्रदेशभर में चलाया गया ऑपरेशन श्रीमान
-अमर उजाला ने जिले के तेरह थानों और छह पुलिस चौकियों का किया रियलिटी चेक
प्रीतम सिंह
रेवाड़ी। पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रदेश भर में जनता के बीच पुलिस की छवि और व्यवहार बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू किए ‘ऑपरेशन श्रीमान’ का जिले के सभी पुलिस थाने और चौकियों में असर नहीं दिखा। ऑपरेशन श्रीमान के तहत टेलीफोन पर कर्मचारी द्वारा श्रीमानजी नमस्कार बोलकर फोन करने वाले का स्वागत करना चाहिए था। लेकिन शुक्रवार को अमर उजाला की ओर से जिले के 13 थानों और छह पुलिस चौकियों में फोन कर पड़ताल की तो चार थानों और दो चौकियों में फोन उठाने के बाद श्रीमान जी नमस्कार से संबोधित किया। अन्य 13 थाना-चौकियों में ‘हां बोल, कौन बोल रहा है’ कह कर संबोधित किया गया।
पुलिस महानिदेशक के आदेशों में स्पष्ट था कि सभी आगंतुकों या फोन करने वालों को श्रीमान जी नमस्कार कहकर संबोधित करना अनिवार्य है। संवाददाता ने दोपहर तीन बजे से पांच बजे के दौरान जिले के सभी 13 थानों और छह चौकियों में फोन पर रियलिटी चेक किया।
---
शहर थाना---हॉ कौन बोल रहा है
माडल टाउन--बोलो भाई के काम था
सदर थाना--नहीं उठाया
रामपुरा थाना--हेलो नमस्कार जी
बावल थाना-नमस्कार श्रीमान थाना बावल
कसौला थाना-- हां बोलो जी
कोसली-हां भाई क्या काम था
खोल-कौन बोल रहा है
धारूहेड़ा-कौन बोल रहा है, क्यू फोन किया भई
जाटूसाना-नमस्कार सर
रोहड़ाई-फोन नहीं उठाया
ट्रैफिक थाना-बोल भाई के काम था
महिला थाना-नमस्कार, कौन बोल रहा है
--
पुलिस चौकियां
डहीना पुलिस चौकी-बोल भई के काम था
नाहड़-नमस्कार जी
कुंड-कोई रिस्पांस नहीं
सेक्टर तीन-फोन नहीं उठाया
सेक्टर छह-हां जी बोलो
गोकल गेट-नमस्कार जी
---
ऑपरेशन को कामयाब बनाने के लिए सॉफ्ट स्किल विशेषज्ञों और अन्य विशेषज्ञों की सेवाएं ली गई। सर्वश्रेष्ठ पुलिसकर्मियों को राज्य, रेंज और जिला स्तर पर पुरस्कृत करने की भी योजना है। पुलिस की छवि बेहतर बनाने और जनता के साथ तालमेल बैठाकर अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऑपरेशन श्रीमान शुरू किया गया है। इसे शत-प्रतिशत करवाने के प्रयास करेंगे।
राहुल शर्मा, पुलिस अधीक्षक, रेवाड़ी