रेवाड़ी। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद एसवाइएल नहर का निर्माण प्रारंभ नहीं करने के विरोध में इनेलो के आठ सितंबर को हरियाणा बंद को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इनेलो-बसपा गठबंधन के आह्वान पर हरियाणा बंद को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को इनेलो नेताओं ने व्यापारियों से जनसंपर्क किया।
इनेलो के जिला प्रधान डॉ. राजपाल यादव ने गठबंधन के पदाधिकारियों के साथ शहर की सब्जी मंडी, रेलवे रोड, मोती चौक, पंजाबी मार्केट, गुड बाजार व काठ मंडी आदि बाजारों में जनसंपर्क कर 8 सितंबर को होने वाले बंद को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग बुरी तरह से त्रस्त है। बीजेपी ने जहां नोटबंदी कर जनता को परेशान करने का काम किया वही जीएसटी लगाकर व्यापारियों को बुरी तरह से परेशान कर दिया है। इस दौरान कमला शर्मा, विजय भुरथला, राजवीर, जगदीश प्रसाद, वरुण गांधी, विनोद शर्मा, बीडी यादव, डॉ संजय व बसपा के प्रदेश सचिव प्रीतम व जिला अध्यक्ष अशोक आदि मौजूद थे।
प्रशासन नियुक्त किए ड्यूटी मजिस्ट्रेट
जवहीं जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा गठबंधन के प्रस्तावित हरियाणा बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बावल, कोसली व धारूहेड़ा सहित आसपास के कस्बों में भी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा रेवाड़ी के लिए नायब तहसीलदार भूपसिंह, जिला सचिवालय में तहसीलदार मनमोहन सिंह, कोसली में तहसीलदार विजय कुमार, बावल में तहसीलदार मनीष कुमार और धारूहेड़ा में नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है।