संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने रेवाड़ी बस स्टैंड के सामने एक युवक की पीट-पीट कर हत्या के मामले में संलिप्त 6 साल से फरार एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव माजरा निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में 15 आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है।
21 सितंबर 2018 को बस स्टैंड के सामने गांव मूंदी निवासी प्रजब्बल व गांव माजरा निवासी पंकज पर कुछ युवकों ने डंडे से हमला कर दिया था। हमले में सिर पर चोट लगने से प्रजब्बल गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रजब्बल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने गांव माजरा निवासी पंकज की शिकायत पर थाना मॉडल टाउन में हत्या का मामला दर्ज करके 15 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने मामले में संलिप्त 16वें आरोपी अंकित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।