रेवाड़ी। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 12 से 18 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाकर 1687 वाहन चालकों के चालान किए।
इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6, तेज डीजे व प्रेशर हॉर्न बजाने और बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले 19 तथा लेन बदलने के नियमों की अवहेलना करने वाले 1662 वाहन चालक शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में से एक है। नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 185 के तहत यह दंडनीय अपराध है। अभियान के दौरान ऐसे 6 वाहन चालकों के चालान किए गए।
वाहनों में तेज डीजे और प्रेशर हॉर्न बजाने तथा बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस श्रेणी में 19 वाहन चालकों के चालान किए।
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई लेन बदलने के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ हुई। पुलिस ने ऐसे 1662 वाहन चालकों के चालान किए।
लेन बदलते समय यातायात नियमों की अनदेखी से सड़क पर चलने वाले अन्य वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।