फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: एनएमएमएस परीक्षा के लिए जिले से 1603 विद्यार्थियों ने किया आवेदन

Thu, 16 Oct 2025 11:30 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। जिले के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा आठ के विद्यार्थियों की मानसिक और बौद्धिक योग्यता जांचने के लिए राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना परीक्षा (एनएमएमएस) 2025-26 का आयोजन 30 नवंबर को किया जाएगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले के कुल 1603 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
विज्ञापन

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर से 15 अक्तूबर तक चली, जिसमें जिले के कुल 1603 विद्यार्थियों ने आवेदन किया।
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहले सत्र में तर्क, विश्लेषण से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें 90 प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। दूसरे सत्र में बौद्धिक योग्यता के सवाल पूछे जाएंगे। इसमें विज्ञान के 35, गणित के 20 व सामाजिक विज्ञान के 35 प्रश्न शामिल होंगे। दोनों भागों में प्रश्नों के चार विकल्प दिए जाएंगे।
विज्ञापन

एनएमएमएस परीक्षा आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए है। परीक्षा पास करने के बाद उन्हें कक्षा 9 से 12 तक छात्रवृत्ति मिलेगी। चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की दर से सालाना 12 हजार रुपये और पूरे चार वर्षों में 48 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। हालांकि, योजना का लाभ उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय तीन लाख 30 हजार रुपये से कम है।
एनएमएमएस परीक्षा 90 मिनट की होगी। परीक्षा में 90 ही प्रश्न पूछे जाते हैं। सभी प्रश्न एक-एक अंक के होंगे। परीक्षा में पास होने के लिए विद्यार्थी को 36 अंक लेना अनिवार्य है। अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग विद्यार्थियों को इस परीक्षा में पास होने के लिए 29 अंक लेने होंगे।
-

क्या है एनएमएमएस परीक्षा

मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एचआरडी) के अंतर्गत स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से वर्ष 2008 में राष्ट्रीय साधन सह पात्रता छात्रवृत्ति की केंद्र स्तर पर शुरुआत की गई थी। ये छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को वित्तीय मदद प्रदान करने के लिए बनाई गई है। सालाना 12 हजार रुपये की राशि प्रदान कर इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को माध्यमिक शिक्षा कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

-
वर्जन
शिक्षा निदेशालय की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित राशि प्रदान की जाती है। इसके लिए कक्षा 8 के विद्यार्थियों को एनएमएमएस परीक्षा पास करनी होती है। -अशोक कुमार नामवाल, (डीएमएस) नोडल अधिकारी, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें