रेवाड़ी। एड्स से बचाव के लिए जागरूकता, समय पर जांच और सावधानी ही सबसे बड़ा हथियार है। जिले में 1600 एचआईवी संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन मरीजों को नियमित दवाएं और चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सरकार एचआईवी संक्रमित मरीजों को सामाजिक सुरक्षा के तहत आर्थिक सहायता दे रही है। पात्र मरीजों को प्रतिमाह 2250 रुपये पेंशन दी जा रही है ताकि उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि कई मरीज समाज में भेदभाव और जागरूकता की कमी के कारण अपनी बीमारी छिपाते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
लोगों को खुलकर एड्स जांच करानी चाहिए। एचआईवी संक्रमण असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई के इस्तेमाल, संक्रमित रक्त चढ़ाने से फैल सकता है। शुरुआती जांच और इलाज से संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है।
जिले में एचआईवी संक्रमित मरीजों के लिए उपचार सुविधाओं में भी सुधार हुआ है। पहले मरीजों को जांच और कई जरूरी टेस्ट करवाने के लिए रोहतक जाना पड़ता था लेकिन अब रेवाड़ी में ही अधिकांश सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं। इससे मरीजों को काफी राहत मिली है और समय व पैसे दोनों की बचत हो रही है।
एड्स का अभी तक कोई स्थायी इलाज या प्रभावी टीका उपलब्ध नहीं है, इसलिए बचाव ही सबसे बड़ा उपचार है। जागरूक समाज और सही जानकारी के माध्यम से ही इस बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
-
लोगों को किया जा रहा जागरूक
हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसाइटी की ओर से एचआईवी एड्स जागरूकता को लेकर फोक मीडिया कैंपेन चलाया गया था। इसमें रोहतक से आई फोक टीम सलीम एंड पार्टी ने जिले में कुल 12 प्रस्तुतियां दी थीं। कार्यक्रम हाई रिस्क ग्रुप वाले क्षेत्रों रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धारूहेड़ा टाउन पार्क, ट्रंक यूनियन करनावास सहित अन्य स्थानों पर आयोजित किए गए थे। अभियान के दौरान आमजन के लिए टीबी स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी। 24 फरवरी से लेकर जागरूकता एवं जांच अभियान 9 मार्च तक चला था।
समय-समय पर एचआईवी टेस्ट जरूरी
स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से एचआईवी संक्रमित मरीजों को निशुल्क जांच, एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी दवाइयां, परामर्श सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यकतानुसार पोषण व मानसिक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। गर्भवती और बच्चों के लिए विशेष योजनाएं भी चलाई जा रही है ताकि संक्रमण को रोका जा सके। सीएमओ डॉ. नरेंद्र दहिया ने बताया कि एड्स से बचाव के लिए सुरक्षित संबंध, साफ सुई का उपयोग, जांच किया हुआ खून और समय-समय पर एचआईवी टेस्ट जरूरी है। समय पर इलाज और दवाइयों से संक्रमित व्यक्ति लंबे समय तक सामान्य जीवन जी सकता है।