अपहरण के बाद किशोरी के साथ रेप, डीएसपी करेंगे जांच
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिले के एक गांव निवासी किशोरी ने महिला थाने में पहचान के ही युवक पर अपहरण कर नशीला पदार्थ खिलाते हुए दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले के बाद से ही युवक फरार है। वहीं मामले की जांच डीएसपी मो. जमाल को सौंपी गई है।
महिला थाना पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में एक गांव निवासी नाबालिग ने बताया कि गांव मायन निवासी अरुण को वह पहले से जानती थी। बीती 26 मई को अरुण उसे रेवाड़ी ले गय, जहां उसने एक रेस्टोरेंट में उसे कुछ खिलाया, जिसके बाद वह बेसुध हो गई। नाबालिग ने आरोप लगाया है कि अरुण उसे एक होटल में ले गया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। रात भर उसे होटल में ही रख सुबह आरोपी ने उसे टिकट दिलाकर नारनौल की बस में बैठा दिया। बस स्टॉप पर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को घटना की सूचना दी। शुक्रवार को नाबालिग ने आरोपी के खिलाफ महिला थाने शिकायत दी। पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर अरुण के खिलाफ अपहरण, पॉक्सो एक्ट और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।