रेवाड़ी के युवाओं के लिए भर्ती मेला चार अक्तूबर से
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
रेवाड़ी, भिवानी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और रेवाड़ी के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने के लिए एक अच्छा मौका है। सेना में विभिन्न पदों की खुली भर्ती भिवानी पुलिस लाइन में 4 से 12 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। रजिस्ट्रेशन 22 सितंबर तक किए जाएंगे। सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी के भर्ती निदेशक अजीत कुमार पिल्लाई ने बताया कि भर्ती के इच्छुक उम्मीदवार अपना पंजीकरण करवाकर भर्ती में भाग ले सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने रजिस्ट्रेशन फार्म और आवेदन पत्र पर आधार कार्ड नंबर की एंट्री अवश्य करवाएं। बिना आधार नंबर एंट्री वाले उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा और उनका आवेदन रद्द माना जाएगा। इसी के साथ उम्मीदवारों को भर्ती में भाग लेने के लिए दसवीं और 12वीं के मूल प्रमाण पत्र, बोनाफाइड हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और चरित्र प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कागजात लेकर पहुंचना है।
-------------
भर्ती के लिए रेवाड़ी के युवाओं को किया जागरूक
एक्स सर्विस मैन वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव हरिराम गहलोत ने बताया कि क्षेत्र के युवाओं को समय-समय पर सेना व फौज में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस वर्ष भी सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी के भर्ती निदेशक अजीत कुमार पिल्लाई द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भालकी माजरा व कुंड में और 83 आर्म्ड रेजिमेंट में मेजर बीएन दास ने कुंड स्थित न्यू ऐरा पब्लिक स्कूल और केएलपी कालेज सहित अन्य शिक्षण संस्थाओं में युवाओं को जागरूक किया।।