शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों के वालान करते पुलिसकर्मी। स्रोत: प्रवक्ता
रेवाड़ी। जिला पुलिस ने 2 से 8 नवंबर तक विशेष यातायात अभियान चलाया। इस दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज डीजे व प्रेशर हॉर्न, लेन बदलने के नियमों की अवहेलना और बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चार चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा तेज डीजे, प्रेशर हॉर्न बजाने और बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालकर हुड़दंग करने वाले 10 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
वहीं, वाहनों पर लाल-नीली बत्ती लगाने के मामले में एक और लेन बदलने के नियमों की अवहेलना करने पर 1365 चालान किए गए। उन्होंने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 185 के तहत दंडनीय अपराध है।
इससे चालक के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल चालान किए जा रहे हैं, लेकिन ऐसी हरकतों पर मुकदमा भी दर्ज हो सकता है।
एसपी ने वाहन चालकों से ब्लैक फिल्म का प्रयोग नहीं करने, नशे में वाहन नहीं चलाने और ध्वनि प्रदूषण से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।