आरक्षण मामले में मैंने सिर्फ लोगों को नींद से जगाया : राजकुमार सैनी
अमर उजाला ब्यरो
रेवाड़ी।
जाट समुदाय के लोग कोर्ट के खिलाफ जाकर आरक्षण की मांग कर रहे हैं। तब मैंने आवाज उठाई थी कि दादागिरी नहीं चलने देंगे। जो व्यक्ति गर्दन झुकाकर चलते हैं वो भी कम अपराधी नहीं हैं। यदि स्वतंत्रता सेनानी भी डर जाते तो देश कभी भी आजाद नहीं होता। सभी जातियों को जनसंख्या के आधार पर 100 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। अगर उनको अधिकार मिले तो हरियाणा पहला ऐसा राज्य होगा जहां 100 प्रतिशत आरक्षण जनसंख्या के आधार पर होगा। गांव बीकानेर में कुरुक्षेत्र के सांसद एवं लोकतंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सैनी ने शनिवार देर शाम एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हर परिवार से एक व्यक्ति को पढ़ाई के आधार पर रोजगार मिलेगा। किसान और मजदूर को अगर इकट्ठा कर दिया जाए तो दोनों की तरक्की होगी और ठेकेदारों को बीच से हटना होगा। राज्य सभा को समाप्त करने के लिए देशभर में राष्ट्रीय आंदोलन किया जाएगा। पुलिस को विशेष सुविधा मिलनी चाहिए। पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी करते है।
कुरुक्षेत्र के सांसद ने कहा कि हमारे पास प्राकृतिक संपदा के भंडार हैं फिर भी हम अन्य देशों से पीछे हैं। हर घर में बीमार, लाचार व बेरोजगार हैं। देश के हालात ठीक नहीं है। सभी दलों को दो से तीन बार मौका दिया जा चुका है। अब लोग उनको मौका देकर देखें, जो वायदा करते हैं कि जनता को निराश नहीं करेंगे। तीन बार चुनावी वायदों से मुकरने पर गांवों में बहिष्कार कर दिया जाता है। कांग्रेस तो 12 बार अपने चुनावी वायदों से मुकर चुकी है। हुड्डा कहते हैं वे जाटों के सिपाही हैं, परंतु मैंने कभी किसी का नाम नही लिया। मैंने सिर्फ लोगों को नींद से जगाया है।
इस अवसर पर यादव समाज प्रधान सतीश यादव, खटीक समाज के प्रधान प्यारेलाल कटारिया, बावल संयोजक लेखराम, पुष्पा शर्मा, जगदीश सैनी, सोनू सैनी, सचिन सैनी, कवि हलचल हरियाणवी, पूर्व सरपंच फकीरचंद, पूर्व सरपंच अनिल ठेकेदार, रतन सिंह, हरिराम, महावीर सिंह, देवदत्त, गुरुचरण, राधेश्याम, निहाल सिंह, महाश्य प्रकाश, मनोज कुमार, कृष्ण यादव,भगवान सिंह सैनी, नरेश शर्मा, मदन सैनी, राजेन्द्र यादव, जीतराम सैनी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।