आंगनबाड़ी वर्कर्स आज करेंगी केंद्रीय मंत्री के आवास का घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
प्रदेश सरकार की ढुलमुल नीतियों एवं मांगें नहीं मानने के विरोध में आंगनबाड़ी वर्कर्स का धरना सातवें दिन रविवार को भी जारी रहा। इससे पूर्व शनिवार को भी सचिवालय के समीप मैदान में वर्कर्स ने धरना दिया। धरनास्थल पर बैठी वर्कर्स ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर्स यूनियन के बैनर तले दिए जा रहे धरने को संघ की प्रधान राजबाला चौहान ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 19 फरवरी को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश की गूंगी बहरी सरकार उनकी मांगेे नहीं मानेंगी सभी कार्यकर्ता इसी तरह अनिश्चित काल के लिए धरने पर बैठी रहेगी। सरकार की हठधर्मिता का ही परिणाम है कि सरकार का कोई भी प्रतिनिधि उनसे बातचीत के लिए नहीं पहुंचा है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने को मजबूर हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की हठ का नुकसान आम आदमी को भी भुगतना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि अपनी मांगों के लेकर प्रदेशभर में हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धरने पर बैठी हुई हैं। इस मौके पर जिला प्रेस सचिव गीता, संतोष चौधरी, सरोज सहरावत, संतरा देवी, किरण शर्मा, सरोज, सरिता, विमला, शारदा, सुनीता, रेणूदेवी और इंदू सहित अन्य वर्कर्स मौजूद थीं।