बिल्डर ने रोकी पानी की सप्लाई, पुलिस ने कराई चालू
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-आठ पर एक विला के बिल्डर और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के बीच मेंटीनेंस राशि सहित अन्य राशि को लेकर चल रहे विवाद के बीच मंगलवार रात को बिल्डर की ओर से पेयजल सप्लाई रोके जाने पर विवाद फिर गहरा गया है। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने बिल्डर पर पेयजल सप्लाई रोके जाने का आरोप लगाते हुए रात को विरोध प्रदर्शन किया तथा धारूहेड़ा थाना में शिकायत दी। हालांकि पुलिस हस्तक्षेप के बाद पेयजल सप्लाई बहाल कर दी गई है।
रेजिडेंट एसोसिएशन के प्रधान आरसी जेठवानी व अनुकूल शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम को बिल्डर की तरफ से बगैर किसी पूर्व सूचना के पानी बंद कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने रात को ही उपायुक्त पंकज से मुलाकात करने के साथ धारूहेड़ा थाना को मामले की शिकायत दी। शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने पेयजल सप्लाई चालू कराई। इस अवसर पर हरीश सिंह, पुनीत रावत, विकास, रवि राजीव, अर्चना, ज्योति, नेहा शर्मा, अभिषेक, विपिन कुमार समेत बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
इस संबंध में धारूहेड़ा के थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश बाद पुलिस विला में पहुंच गई थी। वहां रात में ही पानी चालू करा दिया गया था। नागरिकों का आरोप है कि अतिरिक्त राशि वसूलने के लिए ऐसा किया जा रहा है। मामले से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया दिया गया है।