फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक भी पैसा न हो गलत तरीके से खर्च : राव, ऐसे शिक्षक बनें कि विद्यार्थी अनुसरण करें : शर्मा

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

रेवाड़ी।
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर का पांचवां स्थापना दिवस सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। यूनिवर्सिटी प्रांगण में हुए समारोह में पहुंचे राजनीति के दो धुरंधरों ने यूनिवर्सिटी के बेहतर संचालन के लिए यहां के प्रशासन को सीख भी दी। केंद्रीय योजना, उर्वरक एवं रसायन मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने जहां यूनिवर्सिटी में विकास कार्यों पर आया एक भी पैसा गलत तरीके से खर्च न करने की बात कही, वहीं शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने शिक्षकों से आह्वान किया कि ऐसे शिक्षक बनें कि विद्यार्थी उनका अनुसरण करें।

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आईजीयू के खुलने में कई समस्याएं आई थी। एक ओर जहां प्रदेश में यूनिवर्सिटी की भरमार थी। वहीं दक्षिण हरियाणा में कोई भी यूनिवर्सिटी नहीं थी। यह बात हमेशा मन को कोसती थी। रेवाड़ी में आईजीयू और महेंद्रगढ़ में सेंट्रल यूनिवर्सिटी खोलने में बड़ी बाधा पार की गई। यह खुली जरूरत कांग्रेस सरकार में थी, लेकिन इसके लिए हमने बहुत दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि संयुक्त पंजाब के समय हमारे क्षेत्र के बच्चे दूर-दूर तक पढ़ाने जाते थे। यह यूनिवर्सिटी आंखों का नूर है। दूर दराज से बच्चे यहां पढ़ने के लिए आते हैं। टीचर और प्रोफेसर आए हैं। राव ने साथ ही यूनिवर्सिटी प्रशासन को भी कहा कि यहां किसी भी तरह की हेराफेरी नहीं होनी चाहिए। एक भी पैसा गलत तरीके से इस्तेमाल नहीं हो। यह हमारे बर्दाश्त के बाहर है।
विज्ञापन


अपने कानून बनाओ
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सुनने में आया है यह यूनिवर्सिटी चाहे एमडीयू से अलग हो गई हो, लेकिन अभी भी तृतीय वर्ष में यहां उसी के कानून चलते हैं। शिक्षामंत्री भी यहीं के हैं, ऐसे कानून बनाओ जो बिना किसी दबाव में हो। शिक्षा की नीयत से कानून बनाओ। साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम जब चरम पर थी उस समय हॉकी टीम के 11 खिलाड़ियों में से सात पुराने गुरुग्राम के होते थे। लेकिन हमारे यहां खेलों की स्थिति ज्यादा अच्छी नहीं है। पहले फौज में 10 बच्चों में से नौ बच्चे भर्ती हो जाते थे। लेकिन आज एक हजार में से महज 10 बच्चे ही भर्ती हो पाते हैं।

बाबा बोतल भी बना दे
शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि उनके प्रदेश अध्यक्ष रहते ही राव इंद्रजीत सिंह भाजपा में शामिल हुए। इनका प्रदेश की सरकार बनाने में बड़ा योगदान रहा है। हम दोनों चार बार विधानसभा में एक साथ रहे। साथ ही कहा कि योग पर तो अहीरवाल का कब्जा है, क्योंकि योग गुरु स्वामी रामदेव यहीं से हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब तो सोशल मीडिया पर बच्चे लिखते हैं बोतल भी बना दे बाबा या सै पैंडा छूट जाएगा। वहीं पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्ण और एपीजे अब्दुल कलाम का नाम लेकर उन्होंने शिक्षकों से कहा अपनी स्किल इतनी बढ़ाओ की बच्चे आपका अनुसरण करें। उन्होंने कहा कि जो टीचर पढ़ नहीं सकता वह कभी पढ़ा नहीं सकता। ऐेसा टीचर बनें कि बच्चे आपकी तरह दिखना चाहे। अगर नहीं कर सकोगे तो बच्चे टक्लू, चश्मुद्दीन आदि नाम निकालेंगे।

दोनों ने पढ़े एक-दूसरे की तारीफों के कसीदे
मंच पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने एक दूसरे की तारीफों के कसीदे पढ़े। सबसे पहले तो जब शिक्षामंत्री को आने में देर हो गई और कुलपति प्रो. एसपी बंसल मंच संचालन कर रहे थे। इसी बीच शिक्षामंत्री ने बीच में ही आगे बढ़कर मंच संभालते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री को दिल्ली जाना है। इन्हीं अधिक देर न हो इसलिए पहले ही मंच पर आ गए। अपने भाषण में शिक्षामंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अहीरवाल की आन, बान और शान कहा। साथ ही कहा कि आप दिल्ली से दिलाते रहिये, हरियाणा में हम अपनी मनोकामना की खेती करेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अपनी बारी आने पर कहा कि भले ही हम अलग-अलग पार्टियों में रहे। लेकिन दक्षिण हरियाणा के साथ होने वाले सौतेले व्यवहार पर चिंता करते थे। काफी प्रयास किया तब जाकर रेवाड़ी में आईजीयू और महेंद्रगढ़ में सेंट्रल यूनिवर्सिटी बनी।

बंसल, गोयल की जोड़ी जबरदस्त
शिक्षामंत्री ने यूनिवर्सिटी में हो रहे विकास कार्यों को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन को बधाई दी। साथ ही कहा कि यहां कुलपति बंसल और रजिस्ट्रार गोयल है। वैसे भी बंसल और गोयल की जोड़ी भी जबरदस्त रहती है। ऐसे में उम्मीद है कि आगे भी यह जोड़ी यूनिवर्सिटी के विकास में काफी काम करेगी।

राव तुलाराम के नाम से शुरू होगा सर्टिफिकेट कोर्स
यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह के परिवार की प्रसिद्धि न केवल हिंदुस्तान में बल्कि संयुक्त हिंदुस्तान तक है। राव तुलाराम के प्रभाव को देखकर ही यूनिवर्सिटी प्रशासन यहां छह माह का सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करेगा।

साहबी-सरस्वती के नाम से बनेगा गर्ल्स हॉस्टल
शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय में बनने वाले गर्ल्स हॉस्टल का नाम साहबी-सरस्वती छात्रावास होगा। यह विश्वविद्यालय साहबी नदी के किनारे है और साहबी को सरस्वती भी कहा जाता है। इसलिए इसका नाम साहबी-सरस्वती छात्रावास होगा। इसके लिए उन्होंने 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भी छात्रावास के लिए 11 लाख तथा विश्वविद्यालय में बनने वाली स्पोर्ट्स एकेडमी के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।
विज्ञापन


सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
आईजीयू के पांचवें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति भी हुई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने हरियाणवी, राजस्थानी और पंजाबी सभ्यता के गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी। वहीं बेटियों की सुरक्षा पर लघु नाटक का भी मंचन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष पंडित योगेंद्र पालीवाल, पूर्व मंत्री एमएल रंगा सहित कई लोग मौजूद थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें