संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। बुनियाद शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए विभाग की ओर से प्राथमिक कक्षाओं के अध्यापकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। 27 अक्तूबर से 11 नवंबर तक यह ऑनलाइन कोर्स चलेगा, जिसमें जिलेभर के 1250 अध्यापक भाग लेंगे।
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्राचार कर ई-लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए दीक्षा एप पर अध्यापकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि दीक्षा एप ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से न सिर्फ विद्यार्थियों के लिए मददगार होगा बल्कि इससे अध्यापकों को भी फायदा होगा। जिले में 398 प्राइमरी विद्यालय हैं। इनके अध्यापक प्रशिक्षण लेने के लिए शामिल किए जा रहे हैं।
अध्यापकों को दीक्षा एप पर विषयवार पाठ्यक्रम सामग्री अपलोड कर दी गई है। अब विद्यालयों में यह प्रशिक्षण अध्यापकों को दो चरणों में करवाया जाएगा, जिसमें पहले चरण में शुरुआती पठन व दूसरे चरण में बड़ी संख्या और स्थानीय मान के बारे में अध्यापकों को जानकारी दी जाएगी। इस एप के माध्यम से अध्यापकों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए ई-कंटेंट उपलब्ध करवाने को लेकर जानकारी दी जाएगाी।
ई-लर्निंग को दिया जा रहा है बढ़ावा
जिला शिक्षा अधिकारी कपिल पूनिया ने बताया कि शिक्षा निदेशालय की ओर से ई-लर्निंग को बढ़ावा देने का कार्य लगातार किया जा रहा है। अब इसके लिए दीक्षा पोर्टल पर अध्यापकों और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए दीक्षा एप पर दो कोर्स जारी किए गए हैं। दीक्षा पोर्टल पर बेहतर और अधिक कंटेंट के लिए अध्यापकों को प्रशिक्षण देने का कार्य किया जाएगा। अध्यापकों को यह भी बताया जा रहा है कि वह कैसे ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली को बेहतर बना सकते हैं।
-
वर्जन
शिक्षा निदेशालय की ओर से ई-लर्निंग को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए दीक्षा पोर्टल पर बेहतर और अधिक कंटेंट के लिए अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभाग की ओर से दीक्षा एप पर दो कोर्स जारी किए गए हैं।-चरण सिंह, एफएलन जिला कोऑर्डिनेटर, रेवाड़ी।