स्कूल की दीवार के साथ शौचालय बनाने के विरोध में छात्राओं का प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। नगर परिषद प्रशासन की ओर से शहर के सरकुलर रोड पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की दीवार के साथ शौचालय का निर्माण करवाए जाने के विरोध में छात्राओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। हालांकि छात्राओं एवं विद्यालय प्रबंधन की तरफ से इस संबंध में अभी तक प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत नहीं की है।
छात्रा पायल, नेहा, ज्योति एकता, प्रिया, आरजू और प्रीति समेत स्थानीय दुकानदार शरत कुमार ने बताया कि नगर परिषद प्रशासन की तरफ से दो दिन पहले यहां पर शौचालय निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है। यह केवल यूरिनल रहेगा, जिसकी वजह से यहां आसपास गंदगी फैलेगी और मुख्य मार्ग होने के कारण स्कूल में आने वाली छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही इससे छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी डर बना रहेगा क्योंकि इसकी वजह से असामाजिक तत्व भी यहां पर खड़े रह सकते हैं। जहां पर शौचालय बनाया जा रहा है, वहां से स्कूल के अंदर आराम से ताक झांक की जा सकती है। इसलिए भी छात्राओं में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। छात्राओं ने कहा कि प्रशासन की ओर से उनकी आवाज नहीं सुनी जा रही है और यहां पर शौचालय बनने के होने वाली गंदगी के कारण अंदर के कमरों तक भी बैठना मुश्किल हो जाएगा। साथ ही स्कूल में आते-जाते समय उनको शर्मिंदगी भी महसूस होगी। इसलिए इसका यहां पर निर्माण नहीं किया जाना चाहिए।
---
शौचालय को लेकर विरोध का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि इस संबंध में कोई शिकायत आती है उसका अवश्य समाधान किया जाएगा। फिर भी छात्राओं को कोई शंका तो उसका समाधान जरूर निकाला जाएगा।
- मनोज यादव, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद