स्वच्छ एप पर बटन दबाएं कूड़ा -कचरा दूर भगाएं
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्र का कोई भी नागरिक अपने मोबाइल का इस्तेमाल करके सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने के लिए नगर परिषद और नगर पालिका को सूचना दे सकता है। सूचना प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सफाई व्यवस्था को तुरंत ही दुरुस्त किया जाएगा। उपायुक्त पंकज ने स्वच्छ मैप की समीक्षा कर बताया कि स्वच्छ मैप एप्लीकेशन पर अब तक जिले की 75 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 60 शिकायतों का निवारण कर दिया गया है। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि आम नागरिक के अलावा अधिकारी भी अपने स्मार्ट फोन में प्ले स्टोर से स्वच्छ मैप एप्लीकेशन को डाउनलोड करे। इसके लिए प्ले स्टोर में स्वच्छ मैप टाइप करना होगा। एप्लीकेशन के डाउनलोड और इंस्टॉल करने के बाद जिस स्थान पर गंदगी है, उसकी फोटो क्लिक करनी होगी। इसके बाद यह फोटो लोकेशन के साथ संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों तक पहुंच जाएगी और सफाई टीम द्वारा मौके पर जाकर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि वैसे तो एप पर गंदगी की फोटो आने पर उसी दिन समस्या का समाधान किए जाने का प्रावधान है। लेकिन यदि कार्य की अधिकता अन्य किसी कारण से यदि उसी दिन समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अगले दिन हर हाल में निपटारा करना होगा। यदि दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो शिकायत सफाई इंस्पेक्टर के पास चली जाएगी। इसके एक दिन बाद ईओ के पास चली जाएगी। इस प्रकार 8 दिन में यह शिकायत सीएम तक पहुंच जाएगी। इसके उपरांत सीएम सेल में शामिल अधिकारी संबंधित सुपरवाइजर से लेकर सफाई इंस्पेक्टर, ईओ से जवाब तलब करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य से होता है। अगर हमारा शहर एवं आसपास का क्षेत्र स्वच्छ होगा तो हम भी स्वस्थ रहेंगे। बहुत से व्यक्ति अपने घर को तो साफ रखते हैं, लेकिन घरों से निकलने वाले कचरे को सड़क या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर डाल देते हैं, बाद में यही कचरा पैरों के साथ चिपककर घरों में वापिस आ जाता है। इसके साथ ही कचरे को इधर-उधर फेंकने से यह नालियों को जाम करता है, जिससे सीवर ओवरफ्लो होने की समस्याएं पैदा होती है। उन्होंने बताया कि इधर-उधर फैले कचरे से बदबू आती है, जिससे वातावरण प्रदूषित होता है और मच्छर एवं मक्खी पैदा होकर कई बीमारियों को जन्म देते हैं।