मोबाइल एप से जान पाएंगे पेंशन का स्टेटस
रेवाड़ी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब वे मोबाइल एप के माध्यम से अपनी पेंशन की पूरी जानकारी मोबाइल पर ले सकते हैं। पेंशन लेट हुई है तो वे घर बैठे मोबाइल पर उसका स्टेटस जान सकते हैं। नेशनल इंफॉर्मेशन सेंटर (एनआईसी) ने पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक एप तैयार किया है। इस एप से कोई भी लाभार्थी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा दी जा रही पेंशन की जानकारी अपने एंड्रायड मोबाइल से जान सकता है। यह एप गूगल प्ले स्टोर से एसजेई हरियाणा लिखकर डाउनलोड किया जा सकता है। ये सरकार का डिजिटल इंडिया की ओर प्रभावशाली कदम है।
---
पेंशन नंबर भरें व क्लिक करें
एप पर लाभार्थी अपना पेंशन नंबर डालकर वर्तमान स्टेटस की जानकारी प्राप्त कर सकता है। विगत एक वर्ष की पेंशन पासबुक की जानकारी को भी देखा जा सकता है। पेंशन वितरण के कार्य को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार के निर्देशानुसार एनआईसी ने यह एप विकसित किया है। वर्तमान में जिला रेवाड़ी में पेंशन के कुल 90 हजार 669 लाभार्थी पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 58, 888 लाभपात्र, दिव्यांग पेंशन के 4329 लाभपात्र, विधवा पेंशन के 20,756 लाभपात्र, निराश्रित पेंशन के 4761 लाभपात्र, लाडली सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1628 लाभपात्र और स्कूल न जाने वाले 207 दिव्यांग बच्चे शामिल हैं। वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा वृद्धावस्था पेंशन के योग्य लाभपात्रों को 1800 रुपये मासिक वृद्धावस्था पेंशन प्रदान की जा रही है।