नांगलमूंदी गांव के बस स्टैंड के पास स्थित एक बकरी फार्म में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से 120 बकरियों की जलकर मौत हो गई है। वहीं 60 बकरियां झुलस गईं। जांच में पता चला है कि बकरी फार्म के पीछे खेत में आग लगी हुई थी। इसी की वजह से आग फैल गई।
गांव भठेड़ा निवासी कुलजीत यादव का नांगल मूंदी बस स्टैंड के पास बकरी फार्म है जिसमें करीब 250 बकरियां बंधी हुई थीं। रविवार दोपहर अचानक फार्म में आग लग गई जिससे कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना के समय कुलजीत किसी काम से बाहर गए हुए थे। आसपास के लोगों ने जब फार्म से धुआं उठता देखा तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक बड़ी संख्या में बकरियां आग की चपेट में आ चुकी थीं। आग इतनी तेजी से फैली कि कई बकरियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। झुलसी हुई बकरियों का इलाज कराया जा रहा है।
दमकल कर्मियों की तत्परता से शेष बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे और बड़ा नुकसान टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
भयावह मंजर देखकर बेहोश हुए कुलजीत
सूचना मिलने पर कुलजीत मौके पर पहुंचे तो वहां का भयावह मंजर देखकर वे स्तब्ध रह गए और बेहोश हो गए। होश में आने के बाद उन्होंने बताया कि आग की इस घटना में उन्हें भारी नुकसान हुआ है। बड़ी संख्या में बकरियों की मौत से उनका लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। इस घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। फार्म मालिक ने बताया कि 60 बकरियां आग से झुलसी हैं। 120 के करीब बकरियों की मौत हुई है। उन्होंने मांग है कि प्रशासन हमारी मदद करे और मुआवजा दिया जाए।
आग बुझाते फायर कर्मी। स्रोत : ग्रामीण