रेवाड़ी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को रेवाड़ी और बावल में मिठाइयों की दुकानों छापेमारी कर सैंपल लिया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए जिसके बाद दुकानदारों में हड़कंप मचा गया।
कार्रवाई से बचने के लिए काफी दुकानदारों ने खोये से बनी मिठाइयों को इधर-उधर छिपा दिया, वहीं कुछ अपने प्रतिष्ठान बंद कर भाग खड़े हुए। टीम में शामिल अधिकारियों ने कहा कि दो दिन बाद जन्माष्टमी है। इस त्योहार की तैयारी के लिए हलवाईयों द्वारा मिठाई तैयार की जा रही है। मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर उठते रहे सवालों को देखते हुए शनिवार को नागरिक अस्पताल की टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारी एनडी शर्मा के नेतृत्व में शहर के बाजारों मे पहुंची तथा वहां पनीर, खोया, दूध तथा अन्य मिठाइयों के सैंपल लिए। इधर टीम की सूचना मिलते ही हलवाईयों में हड़कंप मच गया। कुछ दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद कर भाग गए। एफएसओ एनडी शर्मा ने फल व सब्जी दुकानों को भी चैक किया तथा कहा कि गली-सड़ी सब्जी व फल बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद टीम ने बावल के भगतराम चौक पर बनी दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। वहां भी उन्होंने दूध, पनीर व खोया के सैंपल लेकर उन्हें सील लगा दी।