रोडवेज जीएम का तबादला, बलदेव होंगे नए जीएम
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। रोडवेज जीएम के तबादले की मांग को लेकर चल रहा रोडवेज कर्मियों का धरना सोमवार को 16वें दिन समाप्त हो गया। राज्य सरकार ने जीएम का तबादला पलवल डिपो में कर दिया है। वहीं बलदेव रेवाड़ी रोडवेज के नए जीएम होंगे।
भामस के रेवाड़ी के प्रवक्ता देवेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि रोडवेज महाप्रबंधक लाजपत राय के तबादले के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया है। जीएम ने पहले स्क्रैप में भ्रष्टाचार किया, जिसकी जांच चल रही है। वह इसी मांग को लेकर कोर्ट परिसर के समीप धरना दे रहे थे। प्रतिदिन दो कर्मचारी भूख हड़ताल भी कर रहे थे। आखिर सोमवार को उनकी मांग पूरी हो गई। लाजपत राय अब पलवल डिपो के जीएम बनाया गया है। नए जीएम बलदेव हिसार डिपो से ज्वाइन करेंगे।