हर घर को मिलेगा नहरी पेयजल
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. बनवारीलाल ने कहा कि दो साल बाद प्रदेश में कहीं भी सिर पर पानी लाने के लिए मटका नहीं दिखेगा। प्रदेश सरकार हर घर को नहरी पानी से जोड़ेगी। इसके लिए सारा खाका तैयार कर लिया है। मुख्यमंत्री की पानी से संबंधित 291 घोषणाओं में से 45 पूरी हो गई हैं। सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री ने कहा कि पानी के लिहाज से गत वर्ष अन्य वर्षों की तुलना में ठीक रहा। कहीं पर भी पानी के लिए रोड जाम जैसी समस्या नहीं आई। महकमे में कार्य संबंधी अभी कुछ कमियां हैं। उन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री की ओर से की गई 291 घोषणाओं में से 45 पूरी कर दी गई हैं। सात नोट फिजिबल पाई गई हैं। 181 पर काम चल रहा है और 58 पेंडिंग हैं। इनमें से भी 10 के टेंडर हो चुके हैं। इन कार्यों की अनुमानित लागत 509 करोड़ रुपये है। इन पर अभी तक 214 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
---
99 हजार 728 पानी के कनेक्शन दिए
उन्होंने कहा कि गत वर्ष प्रदेश के शहरों में 99,728 पानी के कनेक्शन और 1,19,135 सीवरेज के कनेक्शन दिए हैं। इससे सरकार को 25.49 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसी तरह राज्य के विभिन्न गांवों में भी 90,497 पानी के कनेक्शन दिए गए हैं। यह कार्य जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से सक्षम युवाओं की सहायता से किया जा रहा है। इनमें अभी तक 1090 सक्षम युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 के दौरान कैपिटल आउट ले 1463.18 करोड़ रुपये और रिवेन्यू 1919.64 करोड़ रुपये है। इस बजट के तहत 500 गांवों में पेयजल आपूर्ति में सुधार किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति एवं मल निकासी सुविधाओं में सुधार करने के साथ-साथ 20 मल शुद्धिकरण संयंत्रों का निर्माण किया जाएगा।
---
1207 शिकायतों का निवारण अभी बाकी
जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री ने कहा कि नहर पर आधारित जलघरों में फिल्टरों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने शिकायत निवारण के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-5678 रखा है। शिकायत निवारण केंद्र में 66,936 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से 65,729 शिकायतों का निराकरण कर दिया गया है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 144 नहर पर आधारित जलघर शुरू किए जा चुके हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 1489 नलकूप और 370 बूस्टिंग स्टेशन शुरू किए गए हैं।
---
रेवाड़ी के लिए 200 करोड़ का प्रस्ताव भेजा
उन्होंने कहा कि जिले के शेष रहे गांवों को नहरी पेयजल योजना से जोड़ने के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा हुआ है। इसे शीघ्र ही मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 में विभाग का 168 करोड़ 37 लाख रुपये बजट जारी किया था। अब तक 62 करोड़ 18 लाख रुपये नहर पर आधारित जलघर, बूस्टिंग स्टेशन, डीआई पाइप लाइन एवं सीवरेज पर खर्च हो चुके हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वीर कुमार यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल, जिला महामंत्री प्रीतम चौहान आदि थे।