रेवाड़ी। जिला की अनाज मंडियों में 28 मार्च से सरसों की खरीद का कार्य शुरू हो जाएगा। सोमवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक में उपायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे, ताकि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। लेकिन उसके बावजूद जिले की अनाज मंडियों की हालत काफी खराब है। शौचालय टूटे और गंदगी से अटे पड़े हैं। पानी के पानी का स्थायी व्यवस्था नहीं है। उसके बावजूद अधिकारी पूरी तैयारी का दाव कर रहे हैं
बावल रोड स्थित अनाज मंडी में बिठवाना अनाज मंडी में सरसों की बिक्री के लिए आने वाले किसानों के पानी और शौचालय की व्यवस्था बदहाल है। शौचालय गंदगी से अटे पड़े हैं। सफाई व्यवस्था नहीं होने के कारण उनकी हालत और भी बदतर हो गई है। हालांकि प्रशासन तैयारियों का दावा कर रहा है। ऐसे में यदि प्रशासन की तैयारी ऐसी ही चली और 28 मार्च से सरसों व किसानों की बेकद्री हो सकती है। जिला में रेवाड़ी, बावल व कोसली की मंडियों में सरसों की खरीद की जाती है।
एक लाख 75 हजार क्विंटल सरसों की आवक
पिछली बार जिले की रेवाड़ी व बावल की मंडियों में करीब एक लाख 75 हजार क्विंटल सरसों की आवक हुई थी। पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक सरसों आने की संभावना है।
जिले में सरसों की खरीद वीरवार से शुरू - उपायुक्त
जिला में सरसों की सरकारी खरीद सोमवार से 4200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रेवाड़ी में सरसों की खरीद नई सब्जी मंडी बिठवाना में की जाएगी। उन्होंने बताया कि वीरवार को गांव गांगली, बाढजेठु, धामलावास, हजारीवास, सुंदरोज, बाढ सुंदरोज, ढाणी सुंदरोज व शुक्रवार को नारायणपुरा, रामपुरा, आसका, कुतुबपुर जागीर, कुतुबपुर मौला गांवों की सरसों की खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरसों की सरकारी खरीद सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य 4200 रुपये प्रति क्विंटल तथा 6.5 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से सरकारी नियमों के अनुसार एक किसान से एक दिन में अधिकतम 25 क्विंटल सरसों की खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने ई-खरीद मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाया हुआ है उन किसानों से ही सरसों की खरीद की जाएगी। कोसली मंडी और अनाज मंडी कोसली में 28 मार्च को गांव अहमदपुर पडतल, बाबडौली, बहोतवास भोन्दु, बैहरमुपर, गोपालपुर गाजी व शुक्रवार को गांव भाकली, भुरियावास, भुरथला, छव्वा, गुरावडा गांवों की सरसों की खरीद की जाएगी। इसके अलावा बावल मंडी में 28 मार्च को गांव साबन, हरचंदपुर, बहरामपुर भंडगी व शुक्रवार को गांव मोहनपुर, ओढी, बधराना गांवों की सरसों की खरीद की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि उपरोक्त गांवों के जिस किसान की किसी कारण से सरसों की फसल 28 व 29 मार्च को नहीं बिक पाती है तो वे किसान शनिवार 30 मार्च को निर्धारित शर्तों के अनुसार अपनी सरसों की फसल बेच सकते है। वहीं किसानों की समस्या के लिए उपायुक्त ने हेल्पलाइन नंबर 225249 जारी किया है। जिसे पर किसान खरीद से संबंधित किसी भी समस्या के निदान के लिए संपर्क कर सकते हैं।
पासबुक व पहचान पत्र साथ लाए किसान
किसान अपनी बैंक पासबुक की प्रति तथा एक पहचान पत्र अपने साथ लेकर आये ताकि किसानों को अपनी सरसों बेचने में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो। किसानों से अपील है कि अपनी सरसों अच्छी तरह सुखाकर साफ करके अपने गांव के रोस्टर के हिसाब से ही मंडी में लेकर आये ताकि असुविधा न हो।
नहीं आएगी कोई समस्या
किसानों को फसल बेचने में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। मंडियों एवं खरीद केंद्रों में गेहूं खरीद को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। संबंधित अधिकारियों को साफ सफाई और अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के आदेश दिए गए हैं। किसानों को मंडियों में ठहरने की भी कोई दिक्कत नहीं होगी।
-नरेंद्र, सचिव मार्केट कमेटी