रेवाड़ी। 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर 21 जून को योग-स्वयं और समाज के लिए थीम पर जिला प्रशासन व आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राव तुलाराम स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि योग दिवस मनाने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। जिला मुख्यालय पर आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में युवाओं, बुजुर्गों व महिलाओं के साथ ही हर वर्ग की भागीदारी रहेगी। स्वास्थ्य सुधार की दिशा में सभी योगासन करते हुए स्वयं और समाज के लिए योग थीम को चरितार्थ करेंगे।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर योग दिवस सुबह 6 बजे से मनाया जाएगा।
खंड स्तर पर आयोजित होंगे योग कार्यक्रम
जिला मुख्यालय के साथ ही खंडस्तर पर योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। खंड कोसली का कार्यक्रम राजीव गांधी खेल स्टेडियम कोसली में होगा। इसमें एसडीएम उदय सिंह मुख्यातिथि होंगे। इसी तरह खंड बावल का कार्यक्रम पीएम श्री राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में आयोजित किया जाएगा। इसमें डिविजनल कमिश्नर आरसी बिढ़ान मुख्य अतिथि होंगे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धारूहेड़ा में डीईटीसी लक्ष्मीनारायण, जाटूसाना में रेवाड़ी के सीटीएम लोकेश कुमार, खोल ब्लॉक के बीएल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बावल के एसडीएम मनोज कुमार मुख्य अतिथि होंगे। डहीना ब्लॉक का कार्यक्रम कंवाली गांव के खेल मैदान में आयोजित होगा। इसमें जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान मुख्य अतिथि होंगे।