नगर परिषद ने 154 लोगों को दी फड़ी लगाने की अनुमति
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
नगर परिषद की ओर से संडे बाजार के नाम पर घंटेश्वर मंदिर के समीप वैध अतिक्रमण के नाम पर 154 लोगों की पर्ची काटकर उन्हें दुकानें लगाने की इजाजत दे दी है। नगर परिषद का कहना है कि इससे जमा पैसा परिषद के खाते में जाएगा। रेवाड़ी में संडे बाजार प्रसिद्ध है। यहां दूर-दूर से आकर लोग सामान बेचते हैं। सस्ता होने के कारण यहां भीड़ भी बहुत लगती है। पिछले दिनों अतिक्रमण पर कार्रवाई के दौरान नगर परिषद ने पहले यह बाजार लगाने से इनकार कर दिया, लेकिन नगर परिषद ने बाद में इन्हें 500-500 रुपये की पर्ची कटवाकर बाजार लगाने की अनुमति प्रदान कर दी है। इसके तहत 154 लोगों ने पर्चियां कटवाई। नगर परिषद का कहना है कि यह केवल अस्थाई व्यवस्था है। इसके बाद भी अगर कोई दिक्कत आई तो इन्हें हटवा दिया जाएगा। वहीं रेहड़ी वालों और अन्य अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
---
बाजार से निकलवाई दमकल गाड़ी
नगर परिषद की ओर से रविवार को किसी बड़ी अनहोनी को लेकर सतर्कता के बीच शहर के बाजार से दमकल गाड़ी निकलवाई गई, जिससे किसी तरह की दिक्कत नहीं आई। नगर परिषद के ईओ मनोज यादव का कहना है कि दमकल गाड़ी निकलवाकर अतिक्रमण हटवाने के बाद बाजार की स्थिति देखी गई। किसी भी तरह की दिक्कत नहीं आई। वहीं रविवार को बाजार बंद रहने के कारण भी दुकानदारों ने संडे बाजार में कोई विरोध नहीं किया। सटर से पांच फीट तक इन्हें फड़ लगाने की अनुमति दी गई।