संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के राजकीय विद्यालयों के 100 विद्यार्थियों को भ्रमण मनाली ले जाया जाएगा। हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद व यूथ एंड इको क्लब के तहत भ्रमण पर जाने वाले मेधावी विद्यार्थियों में 50 छात्राएं शामिल होंगी।
इन विद्यार्थियों की देखरेख के लिए उनके साथ चार अध्यापक व चार अध्यापिकाएं भी जाएंगी। भ्रमण पर जाने के लिए विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग के पोर्टल पर आवेदन करना होगा। पोर्टल पर आवेदन करने के लिए कक्षा 9वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को किसी भी क्षेत्र में प्राप्त किए गए प्रतिभा के प्रमाणपत्र और फोटो अपलोड करना होगा। इसके बाद पोर्टल पर मेरिट के आधार पर सभी का चयन शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा। अभी तक 61 विद्यार्थी आवेदन कर चुके हैं। विद्यार्थियों को भ्रमण कराने के लिए जून में ही ले जाने की तैयारी है।
पीएमश्री विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को छोड़ कर सभी विद्यालयों के विद्यार्थी एवं अध्यापक मनाली भ्रमण के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को भ्रमण का कार्यक्रम हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से अलग से आता है। इसके तहत जल्द ही पीएम श्री विद्यालय के विद्यार्थियों को भ्रमण कराया जाता है।
ये गतिविधियां होंगी आयोजित
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियां, ट्रैकिंग, वैली क्रॉसिंग, रिवर क्रासिंग, रैपलिंग, राइफल शूटिंग, पिस्टल शूटिंग, और वहां की प्रकृति व वातावरण का अध्ययन कराया जाएगा। कैंप काफी दिलचस्प होगा। बच्चों को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।
वर्जन
कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण ले जाने की तैयारियां चल रही हैं। अनुमान है कि जून में ही विद्यार्थियों भ्रमण के लिए मनाली ले जाएंगे। -
प्रदीप, डीओसी शिक्षा विभाग रेवाड़ी।