रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री। संवाद
रेवाड़ी। रेवाड़ी जंक्शन से होकर गुजरने वाली 10 विशेष ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ दी गई है। इससे रेवाड़ी से होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार अप्रैल से जुलाई तक विभिन्न तिथियों में इन ट्रेनों का विस्तार किया गया है। इनमें हिसार-खड़की, अजमेर-बांद्रा टर्मिनस, अजमेर-दौंड, बीकानेर-साईनगर शिर्डी, हिसार-वलसाड, भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस, अजमेर-सोलापुर, जयपुर-बांद्रा टर्मिनस, मदार-रोहतक तथा उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश रेल सेवाएं शामिल हैं।
इन ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों पर 2 से 14 ट्रिप तक बढ़ाया गया है जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन जून और जुलाई तक जारी रहेगा। इससे खासतौर पर राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तराखंड की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा।
रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है, ऐसे में यह फैसला भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की समय-सारणी और स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।