रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की हिंदी कोर विषय की परीक्षा मंगलवार को जिले के 54 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर साढ़े 12 बजे से शाम साढ़े 3 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों का प्रवेश 12 बजे से शुरू होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की सघन जांच की जाएगी। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने इंतजाम किए हैं। कुल 54 केंद्रों पर 100 डिप्टी अधीक्षक और 730 से अधिक सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक कक्ष में 24 विद्यार्थियों पर एक सुपरवाइजर की निगरानी रखी जाएगी।
परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में धारा-163 लागू रहेगी। जिले के सभी केंद्रों में सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे और उड़नदस्तों की व्यवस्था भी की गई है।